रुपवास से जयपुर तक नई रोडवेज बस सेवा शुरू, वैर, भुसावर, सेंधली, रणधीरगढ़, सांथा व महवा को मिला सीधा लाभ
रुपवास से जयपुर तक राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की नई रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है। बस अटारी, वैर, भुसावर, सेंधली, रणधीरगढ़, सांथा और महवा होकर संचालित होगी। लंबे समय से उठ रही मांग को लेकर पूर्व सरपंच सतीश पांडेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने लगातार प्रयास किए थे।
तस्वीर में राजस्थान परिवहन निगम की एक नीले और सफेद रंग की रोडवेज बस खड़ी हुई दिखाई दे रही है।
भुसावर। आगार प्रबंधक भरतपुर के अधीन राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बस सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है। यह बस प्रतिदिन प्रातः 6:15 बजे रुपवास से प्रस्थान कर अटारी, वैर, भुसावर, सेंधली, रणधीरगढ़, सांथा और महवा होते हुए जयपुर तक संचालित होगी। वहीं जयपुर से दोपहर 1:15 बजे यह बस पुनः वापसी करते हुए महवा, सांथा, रणधीरगढ़, सेंधली, भुसावर, वैर और अटारी मार्ग से रुपवास पहुंचेगी।
इस बस सेवा के संचालन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। विशेष रूप से सेंधली, रणधीरगढ़, सांथा और महवा सहित ग्रामीण अंचल के आमजन के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू कराने को लेकर लगातार प्रयास किए गए।
पूर्व सरपंच सतीश पांडेय के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सी.एम.डी. रोडवेज और एम.डी. रोडवेज को अलग-अलग पत्र लिखकर तथा भेंट कर ज्ञापन सौंपे। प्रतिनिधिमंडल ने रोडवेज बस सेवा से वंचित सेंधली, रणधीरगढ़, सांथा और महवा क्षेत्र के ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए बस संचालन शुरू कराने की पुरजोर गुजारिश की थी।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सरपंच सतीश पांडेय के अलावा शिक्षाविद राधेश्याम शर्मा, सुरेश चंद्र शर्मा, रामजीलाल शर्मा, चन्द्र शेखर शर्मा, चिरमोली सैनी, पं. रामेश्वर शर्मा, हरिओम लाटा, रमाकांत लाटा, सरलेश चौधरी, मंजू उदय सिंह, रविन्द्र सिंह, प्रदीप शर्मा तथा विभिन्न संगठनों से जुड़े अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस बस सेवा के शुभारंभ से लंबे समय से चली आ रही क्षेत्रीय मांग पूरी होने के साथ संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।