तस्वीर में भुसावर उपखंड अधिकारी कार्यालय के भीतर काउंटर पर अधिकारी और वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन जमा कराने पहुंचे लोग दिखाई दे रहे हैं।

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव नौ सितंबर से होने जा रहे हैं। चुनाव को लेकर भुसावर नगर पालिका के 25 वार्डों में वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। शनिवार को नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन उपखंड अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, भुसावर में 69 लोगों ने वार्ड पार्षद प्रत्याशी के रूप में अपने नामांकन फॉर्म जमा कराए।

भुसावर नगर पालिका के कुल 25 वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों की ओर से उपखंड अधिकारी कार्यालय से नामांकन फॉर्म लेकर आवश्यक दस्तावेज संलग्न किए जा रहे हैं। वार्ड पार्षद पद के लिए भुसावर उपखंड अधिकारी कार्यालय से अब तक 245 फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं।

शनिवार को नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन 69 लोगों ने अपने नामांकन फॉर्म जमा कराए। इससे पहले भी एक नामांकन फॉर्म जमा हो चुका था। इस तरह भुसावर नगर पालिका के वार्ड पार्षद पद के चुनाव के लिए अब तक कुल 71 लोगों के नामांकन फॉर्म उपखंड अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में जमा हो चुके हैं।

नगर पालिका के वार्ड पार्षद पद के चुनाव के लिए नामांकन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। अंतिम तिथि को कांग्रेस एवं बीजेपी दल के सिंबल पर प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की ओर से अपने नामांकन फॉर्म जमा कराए जाएंगे। इसके साथ ही भुसावर नगर पालिका के 25 वार्डों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Tags: