कवन सो काज कठिन जग माही..., भुसावर में 3 अक्टूबर को गूंजेंगी सुंदरकांड की चौपाइयां
भरतपुर के भुसावर में 3 अक्टूबर शनिवार को कोठी वाले हनुमान जी मंदिर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा। शाम 7 बजे से होने वाले आयोजन में गायक कलाकार चौपाइयों की प्रस्तुति देंगे और श्रद्धालु भजनों पर नृत्य करेंगे।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक भुसावर शहर में हिण्डौन सड़क मार्ग स्थित प्राचीन कोठी वाले हनुमान जी मंदिर के प्रांगण में 3 अक्टूबर शनिवार को संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह धार्मिक कार्यक्रम शाम 7 बजे से प्रभु की इच्छा तक चलेगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रीराम भक्त और श्रद्धालु भाग लेकर संगीतमय स्वरों के माध्यम से रामभक्त हनुमान की महिमा का गुणगान सुनेंगे। भजनों और चौपाइयों पर नृत्य कर श्रद्धालु अपनी हाजिरी लगाएंगे।
कोठी वाले हनुमान जी मंदिर के पुजारी राघवेन्द्र शर्मा ने बताया कि मंदिर प्रांगण में 3 अक्टूबर को शाम 7 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन सेठ गूजरमल ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा। इस दौरान चमका सैनी म्यूजिकल ग्रुप के स्थानीय एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से आए गायक कलाकार आर्गन, हारमोनियम, ढोलक, झांझ और मंजीरा की थाप के साथ सुंदरकांड पाठ की चौपाइयों की भावपूर्ण प्रस्तुति देंगे।
संगीतमय प्रस्तुति के दौरान मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय होगा। भुसावर सहित उपखंड क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों से पहुंचे श्रद्धालु भजनों और चौपाइयों पर नृत्य कर अपनी अरदास लगाएंगे। हनुमान जी के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठेगा।
संगीतमय सुंदरकांड पाठ का समापन विधिवत आरती के बाद प्रसादी वितरण के साथ किया जाएगा। कोठी वाले हनुमान जी मंदिर में होने वाले इस आयोजन की तैयारियों को लेकर श्रीराम भक्त जुट गए हैं।