डीग में मॉम्स वेलफेयर सोसायटी ने पेश की सेवा की मिसाल, दो जरूरतमंद बेटियों का कराया कन्यादान
| आर्थिक रूप से कमजोर दो परिवारों की मदद के लिए घरेलू सामान, वस्त्र, आभूषण और नकद राशि भेंट की गई, जिसमें स्थानीय भामाशाहों ने भी सहयोग दिया।
मॉम्स वेलफेयर सोसायटी के बैनर के सामने डीग में कन्यादान कार्यक्रम के दौरान विवाह सामग्री के साथ महिलाएं खड़ी हैं।
डीग में सामाजिक सरोकार और सेवा भावना की मिसाल पेश करते हुए मॉम्स वेलफेयर सोसायटी ने दो जरूरतमंद बेटियों के विवाह में कन्यादान कर उनकी नई जिंदगी की शुरुआत में सहयोग किया। दोनों बेटियों के परिवारों की आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए सोसायटी ने विवाह और गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक घरेलू सामान, वस्त्र, आभूषण और नकद राशि भेंट की। इस पुनीत कार्य में डीग के अनेक भामाशाहों ने भी सहयोग प्रदान किया।
19 नवंबर को आयोजित इस सेवा कार्य के तहत जिन दो बेटियों का कन्यादान किया गया, उनमें एक के पिता नेत्रहीन होने के कारण परिवार का भरण-पोषण करने में असमर्थ हैं, जबकि दूसरी बेटी के पिता का निधन हो चुका है। दोनों परिवारों की परिस्थितियों को देखते हुए मॉम्स वेलफेयर सोसायटी ने बेटियों के विवाह में सहयोग की पहल की।
सोसायटी की अध्यक्ष ललिता अग्रवाल ने बताया कि दोनों बेटियों को 11-11 साड़ियां, दो-दो जोड़ी सूट, शॉल, स्वेटर, चार-चार जोड़ी पेंट-शर्ट, दो डबल बेड के गर्म कंबल, दो गर्म बेडशीट, 11-11 जोड़ी बर्तन, कड़ाही, एक-एक जोड़ी लहंगे, दो जोड़ी चप्पल और श्रृंगार का सामान भेंट किया गया। इसके साथ ही एक सिलाई मशीन, चांदी की पायजेब, दो जोड़ी बिछुए, एक सोने का कोटा, पांच-पांच जोड़ी गिफ्ट आइटम, दो बैग तथा 1100-1100 रुपये नकद दिए गए।
ललिता अग्रवाल ने कहा कि मॉम्स वेलफेयर सोसायटी दोनों बेटियों के सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना करती है। उन्होंने इस पुनीत कार्य में आर्थिक एवं अन्य प्रकार से सहयोग देने वाले सभी भामाशाहों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मॉम्स ग्रुप की राधा अरोड़ा, माही अरोड़ा, सरोज शर्मा, कंचन सोनी, पूनम सोनी, गुंजन मित्तल, कांता माहवर, सरिता गोयल, राजरानी गर्ग, पुष्पा खंडेलवाल, प्रिंसिपल, सुरभि गर्ग, रेखा गर्ग, देवाशीष सेठी, मयंक, रीनू खंडेलवाल, वर्षा रुहेला एवं पूजा अग्रवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।