माय भारत के तत्वावधान में भुसावर के महाविद्यालय में आयोजित नशा मुक्त युवा अभियान विशेष कार्यक्रम।

भुसावर। युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को सामाजिक और राष्ट्रीय विकास के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए श्री आर्य महिला विद्यापीठ कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को नशा मुक्त युवा अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। माय भारत के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने नशे के दुष्परिणामों को लेकर अपने विचार रखे और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम है। युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और राष्ट्र का भविष्य उनके कंधों पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि देश का विकास तभी संभव है, जब युवा स्वस्थ, जागरूक और शिक्षित होने के साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें।

इस अवसर पर एनवाईवी भावेश शर्मा ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य की नींव होते हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति उनके भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी बाधा बनता है।

छात्राओं ने समाज के प्रत्येक वर्ग से नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सामाजिक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाने का संदेश दिया गया।

Tags: