भरतपुर में अवैध आरा मशीनों का संचालन जारी, हरे पेड़ों की कटाई पर उठे सवाल
भुसावर, वैर और हलैना क्षेत्र में बिना अनुमति चल रहीं आरा मशीनों और सीज होने के बावजूद दोबारा संचालन पर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल।
भरतपुर के भुसावर-वैर क्षेत्र में संचालित अवैध आरा मशीन का यह दृश्य, जहां हरे पेड़ों की कटाई जारी है।
भुसावर (भरतपुर)। पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार जहां 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान चला रही है, वहीं भुसावर-वैर उपखंड क्षेत्र में हरे-भरे पेड़ों की कटाई का सिलसिला लगातार जारी है। क्षेत्र में संचालित आरा मशीनों पर हरी लकड़ियों के ढेर लगे होने और कथित अवैध चिराई की शिकायतों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों और वन प्रेमियों का आरोप है कि भुसावर, वैर और हलैना क्षेत्र में कई स्थानों पर बिना वैध अनुमति के आरा मशीनें संचालित हो रही हैं। इन मशीनों पर प्रतिबंधित एवं हरे वृक्षों की लकड़ी काटने और चिराई करने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से कथित अवैध लकड़ी कारोबार पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।
हलैना थाना क्षेत्र के गांव बेबर में आधा दर्जन से अधिक आरा मशीनें संचालित होने और कई लकड़ी के कारखाने चलने की शिकायतें हैं। इसी तरह गांव सैंधली में भी लकड़ी के कथित अवैध कारोबार को लेकर वन प्रेमियों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ कारखानों में आधुनिक मशीनों के माध्यम से लकड़ी की चिराई की जा रही है। इन स्थानों पर शीशम, पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों की लकड़ियों का भंडारण होने के साथ लकड़ी और फर्नीचर की आपूर्ति दूसरे क्षेत्रों तक किए जाने की बात भी सामने आई है।
कार्रवाई के बाद दोबारा शुरू हो जाता है मशीनों का संचालन
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर पहलू यह है कि स्थानीय वनकर्मियों की ओर से कथित अवैध और अनधिकृत आरा मशीनों के खिलाफ कई बार कार्रवाई कर उन्हें सीज किए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद कुछ दिनों बाद ही इन मशीनों का संचालन फिर शुरू हो जाता है। इससे विभागीय कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।
वन प्रेमियों का आरोप है कि बार-बार कार्रवाई के बावजूद आरा मशीनों का दोबारा चलना विभागीय निगरानी में कमी अथवा जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों की मिलीभगत की आशंका पैदा करता है। हालांकि, इन आरोपों की निष्पक्ष जांच आवश्यक बताई जा रही है।
भरतपुर जिले में 100 से अधिक अवैध आरा मशीनों की शिकायत
वन प्रेमियों के अनुसार, भरतपुर जिले में 100 से अधिक अवैध आरा मशीनें संचालित होने की शिकायतें हैं। इनमें हलैना, भुसावर और वैर क्षेत्र में सबसे अधिक मशीनें होने का दावा किया जा रहा है। बेबर, वाई, भूतौली, सरसैना, तिलचिवी, पथैना, सैंधली, अलीपुर, नैवाड़ा, भुसावर, सिरस, वारौली, वैर, समराया, हतीजर और न्यामदपुर सहित अनेक गांवों में 25 से अधिक आरा मशीनों के संचालन की जानकारी सामने आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि हरे पेड़ों की कटाई और कथित अवैध आरा मशीनों के संचालन को लेकर कई बार वन मंत्री, जिला प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतें दी जा चुकी हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। वन प्रेमियों ने आशंका जताई है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र की हरियाली और प्राकृतिक संपदा को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
आरा मशीनों के दस्तावेजों की जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग
ग्रामीणों और वन प्रेमियों ने जिला प्रशासन तथा वन विभाग के उच्चाधिकारियों से भुसावर-वैर-हलैना क्षेत्र में संचालित सभी आरा मशीनों की अनुमति और संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही पूर्व में सीज की गई मशीनों के दोबारा संचालन के मामलों की भी पड़ताल कराने की मांग उठाई है।
उन्होंने लकड़ी के भंडारण, परिवहन और हरे पेड़ों की कटाई में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जांच में विभागीय स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए। क्षेत्र में लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि वन विभाग और जिला प्रशासन अवैध आरा मशीनों के संचालन तथा हरे पेड़ों की कटाई पर अंकुश लगाने के लिए क्या कार्रवाई करते हैं।