डीग-कुम्हेर में अंतिम चरण का मतदान जारी, जिला कलक्टर मयंक मनीष ने 32 मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण जारी। कलेक्टर मयंक मनीष ने बूथों का जायजा लिया, सुरक्षा हेतु मजिस्ट्रेट व पुलिस बल तैनात।
जिला कलक्टर मयंक मनीष व पुलिस अधिकारी अऊ विद्यालय स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण करते दिख रहे हैं।
डीग। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ एवं अंतिम चरण में डीग एवं कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शनिवार, 14 नवंबर को मतदान जारी रहा। मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला कलक्टर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अऊ के 5, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय सैंत के 3, शहीद लखमीचंद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तमरेर के 3, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बैलारा कलां के 4, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बौरई के 4, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कौंरेर के 4, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सांवई के 3 तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बहज के 6 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बताया कि जिले में तृतीय चरण के तहत तीन पंचायत समितियों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। इसके बाद चतुर्थ एवं अंतिम चरण में डीग एवं कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं और मतदाताओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। दोनों पंचायत समिति क्षेत्रों में निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए कुल 31 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 8 जोनल मजिस्ट्रेट एवं 4 एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। पुलिस बल नियमित रूप से भ्रमण कर मतदान केंद्रों और उनके आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से दोनों पंचायत समिति क्षेत्रों में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया के माध्यम से मतदाताओं से अपील की कि वे शनिवार को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के निर्वाचन तथा 16 नवंबर को होने वाले सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के निर्वाचन में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी डीग अमित कुमार मीना, उपखंड अधिकारी कुम्हेर भारती भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से अंतिम चरण के मतदान के दौरान सुरक्षा, निगरानी और मतदाता सुविधाओं को लेकर की गई व्यवस्थाओं के बीच डीग एवं कुम्हेर में निर्वाचन प्रक्रिया जारी रही।