भुसावर के लक्ष्मी नारायण मंदिर में 17 नवंबर को होने वाली गौ माता प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व कलश यात्रा।

भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहर भुसावर में गौ माता की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर धार्मिक उत्साह देखने को मिला। मेहंदी कॉलोनी स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में 17 नवंबर, मंगलवार को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पूर्व 15 नवंबर, रविवार को भव्य मंगलमय कलश यात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों महिलाओं और कन्याओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर भाग लिया। बाल स्वरूप में सजे भगवान श्रीकृष्ण की सजीव झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

छोकरवाड़ा सड़क मार्ग एवं इटामड़ा सड़क मार्ग के पास स्थित मेहंदी कॉलोनी के लक्ष्मी नारायण मंदिर से सुबह 10 बजे कलश यात्रा प्रारंभ हुई। डीजे पर बज रहे धार्मिक भजनों के बीच यात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर निकली। भुसावर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया और जलपान की व्यवस्था की।

कलश यात्रा के दौरान बाल स्वरूप में सजे भगवान श्रीकृष्ण की सजीव झांकी के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने परिवार में सुख, शांति और समृद्धि तथा क्षेत्र में खुशहाली की कामना की। भगवान के भजनों, 'जय गौ माता' और 'जय श्रीकृष्ण' के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कलश यात्रा मेहंदी कॉलोनी से रवाना होकर सपाट, बस स्टैंड, हिंडौन सड़क मार्ग, नयावास, पहाड़िया मोहल्ला, मूण्डियारा, राजा मंडी और छोकरवाड़ा सड़क मार्ग होते हुए पुनः लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंची।

लक्ष्मी नारायण मंदिर के पुजारी विष्णु सैनी एवं आचार्य राम शर्मा (बरौली वाले) ने बताया कि मंदिर परिसर में 17 नवंबर, मंगलवार को सुबह 10 बजे गौ माता की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। मूर्ति स्थापना का आयोजन संयोजक श्रीमती रामदेवी और वार्ड नंबर 22 के पार्षद रामकिशन के नेतृत्व में किया जा रहा है।

प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व धार्मिक अनुष्ठान प्रयागराज से पधारे आचार्य पंडित हरि इच्दा और आचार्य राम शर्मा बरौली द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न करवाए जा रहे हैं। इसी क्रम में निकाली गई कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं एवं कन्याओं ने मंगल कलश धारण कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई। 17 नवंबर को होने वाले गौ माता की मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है।

Tags: