भरतपुर के भुसावर थाना क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंचे परिजन व ग्रामीण।

भरतपुर। भुसावर थाना क्षेत्र के गांव महतोली में खेत पर संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल मिले गांव बारौली निवासी युवक राकेश की जयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बुधवार देर शाम मृतक के परिजन दर्जनों ग्रामीणों के साथ भुसावर थाने पहुंचे और हत्या का मामला दर्ज करने के साथ नामजद एवं संदिग्ध आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सहित विभिन्न मांगें पुलिस के समक्ष रखीं।

थानाधिकारी राजेश मीणा के अनुसार, गांव बारौली निवासी राकेश पुत्र पूरण जाटव महतोली गांव के एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। उसकी हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम संबंधी कार्रवाई पूरी करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

बुधवार देर शाम मृतक के परिजन और ग्रामीण भुसावर थाने पहुंचे। उन्होंने राकेश की मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने तथा नामजद और संदिग्ध आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस के समक्ष अपनी अन्य मांगें भी रखीं।

थानाधिकारी राजेश मीणा ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी रिपोर्ट के आधार पर त्वरित मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। थानाधिकारी के आश्वासन के बाद परिजन और ग्रामीण संतुष्ट होकर थाने से वापस लौट गए।

इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और एहतियात के तौर पर खेड़ली मोड़ थानाधिकारी पवन यादव सहित पुलिस जाप्ता भी मौके पर मौजूद रहा। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में घायल मिलने के बाद हुई मौत और परिजनों की ओर से हत्या का मामला दर्ज कराने की मांग के चलते पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।

Tags: