बारां में इनरव्हील क्लब की अनोखी सावन पिकनिक, पौधारोपण और जीव सेवा से दिया संदेश
बारां में इनरव्हील क्लब की सावन पिकनिक में जीव सेवा, पौधारोपण और गौसेवा के साथ हाउजी, राजस्थानी व्यंजन और फलाहार का आयोजन हुआ।
तस्वीर में इनरव्हील क्लब बारां की सदस्याएं और पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया बड़ा बालाजी स्थित गौशाला परिसर में नजर आ रहे हैं।
इनरव्हील क्लब बारां की ओर से सावन माह के अवसर पर जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण और मनोरंजन से जुड़ी पिकनिक का आयोजन बड़ा बालाजी स्थित जीव आसरा महावीर पशु चिकित्सालय एवं गौशाला में किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रमुख उर्मिला जैन की गरिमामय उपस्थिति रही, जबकि पूर्व मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया की मौजूदगी ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। क्लब अध्यक्ष चन्द्रकला सेठी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 25 सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत जीव आसरा महावीर पशु चिकित्सालय एवं गौशाला के अवलोकन से हुई। यहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, व्यवस्थित प्रबंधन और अद्भुत स्वच्छता को देखकर क्लब की सदस्याएं भाव-विभोर हो गईं। जिला प्रमुख उर्मिला जैन एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया के मार्गदर्शन एवं समर्पण से संचालित जीव आसरा महावीर पशु चिकित्सालय एवं गौशाला जीव सेवा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण है।
यहां छोटे से छोटे पक्षी एवं अन्य जीव-जंतुओं से लेकर जंगली प्राणियों, गाय, भैंस, घोड़े सहित विभिन्न पशुओं का उपचार किया जाता है और आवश्यक दवाइयां पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। चिकित्सालय की साफ-सफाई, आधुनिक व्यवस्थाओं और जीवों के प्रति संवेदनशीलता ने क्लब की सदस्याओं को विशेष रूप से प्रभावित किया। सदस्यों ने कहा कि इस स्तर का आधुनिक और सुव्यवस्थित निःशुल्क पशु चिकित्सालय बारां ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गौरव की बात है और देश में भी ऐसे संस्थान विरले ही देखने को मिलते हैं।
जीव दया और सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए क्लब की सदस्याओं ने गौशाला में गायों को गुड़ एवं चारा खिलाया। इसके साथ ही क्लब की ओर से पूरे वर्ष संचालित की जा रही पौधारोपण श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए पौधारोपण किया गया। सदस्यों ने जीव सेवा और पर्यावरण संरक्षण को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी ने उर्मिला जैन एवं प्रमोद जैन भाया द्वारा जीव सेवा के लिए किए जा रहे निःस्वार्थ एवं प्रेरणादायी कार्य की हृदय से अनुमोदना की।
सेवा और संवेदना के साथ आयोजन में सावन की मस्ती का रंग भी देखने को मिला। बिंदु मारू एवं उर्मिला जैन द्वारा सावन स्पेशल हाउजी का आयोजन किया गया, जिसमें सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आनंद लिया। कार्यक्रम में गर्मागर्म राजस्थानी व्यंजनों, चाय की चुस्कियों तथा व्रत रखने वाली सदस्याओं के लिए विशेष फलाहार की व्यवस्था की गई।
क्लब की सचिव चारु गुप्ता और कोषाध्यक्ष दिव्या जैन ने कार्यक्रम के लिए आवश्यक शुल्क एकत्रित करने की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा एवं तत्परता से निभाई। सीसी एवं मीडिया प्रभारी ललिता टोंग्या ने कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार एवं मीडिया संबंधी दायित्वों का निर्वहन किया।
कार्यक्रम में क्लब की उपाध्यक्ष शिल्पा सुमन गोयल, इंद्रा गालव, मृदुला मारू, रश्मि सोनी, त्रिशला जैन, सुलेखा जैन, सीमा अग्रवाल, नीतू गुप्ता, नेहा गुप्ता, किरण जैन, रेखा दाधीच, मीना अरोड़ा, सुधा गोयनका, प्रेरणा तिवारी, शीला गोयल, अंजू मारू, नीतू जैन, डॉ. लक्ष्मी गोयल एवं अन्य कई सदस्यों ने भागीदारी निभाई। आयोजन में जनसेवा, जीव दया, पर्यावरण संरक्षण और सावन उत्सव का समन्वय देखने को मिला।