राजस्थान के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर बारां के बटावदा गांव में कड़के सेव की दुकान पर ग्रामीणों के साथ नजर आ रहे हैं।

बारां। राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर का बुधवार को बटावदा में एक बार फिर वही देशी अंदाज देखने को मिला, जिसने गांव वालों को खासा उत्साहित कर दिया। जिला मुख्यालय पर आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होने के बाद कोटा लौटते समय मंत्री दिलावर बटावदा में रुके और कड़के सेवडे वालों की दुकान पर पहुंच गए। मंत्री के अचानक दुकान पर पहुंचते ही गांव वालों में उत्साह का संचार हो गया।

मंत्री दिलावर के कड़के सैव यानी देशी नमकीन की दुकान पर पहुंचने के समय कुछ ग्रामीण पहले से वहां मौजूद थे, जबकि कुछ लोग उन्हें देखकर दुकान पर पहुंच गए। ग्रामीण उत्सुकता से मंत्री को सेव खिलाने लगे। इसी दौरान गांव वालों ने हाड़ौती भाषा में दिलावर से कहा, “फल्या भी य सैवड्या खाव छा।” इस पर मंत्री ने भी ठेठ देशी हाड़ौती अंदाज में जवाब देते हुए कहा, “अबार भी खा लेंगा, आपड़ों काई बगड्यौ छः, आपण तो पुराणा ही छां।”

शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि इस गांव से उनका वर्षों पुराना आत्मिक संबंध है। उन्होंने बताया कि जब भी वह कोटा से बारां आते-जाते रहे हैं, उस दौरान बटावदा अवश्य रुकते रहे हैं और यहां के देशी नमकीन यानी “कड़के सैव” का स्वाद जरूर लेते हैं।

बुधवार को भी मंत्री दिलावर ने बटावदा में रुककर पुरानी यादों को ताजा किया। उन्होंने अपने देसी अंदाज में गांव वालों से चर्चा की और हंसी के फटकारे लगाए। मंत्री के पुराने अंदाज को देखकर गांव वालों ने भी खुशी का इजहार किया। ग्रामीणों ने कहा कि “मदन जी जोरदार छ।”

बटावदा में मंत्री मदन दिलावर का यह सहज अंदाज ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। वर्षों पुराने आत्मिक जुड़ाव और गांव की देशी नमकीन “कड़के सैव” से जुड़ी उनकी यादों ने इस मुलाकात को खास बना दिया।

Tags: