बारां में लोकमंथन यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में उपस्थित सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के कार्यकर्ता।

बारां में लोकमंथन यात्रा-2026 के आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा की व्यवस्थाओं और प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर आयोजित बैठक में प्रचार-प्रसार, कार्यक्रम स्थलों, स्वागत सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व भी सौंपे गए।

लोकमंथन-2026 का आयोजन राजस्थान सहित देशभर में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय चेतना के जागरण के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस वर्ष लोकमंथन का मुख्य विषय “हम भारत के लोग—लोक चेतना से लोक कल्याण की ओर” रखा गया है। आयोजन के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक कला, लोक संगीत एवं शिल्प को व्यापक मंच प्रदान करने के साथ समाज में राष्ट्रभाव एवं सांस्कृतिक चेतना जागृत करने का प्रयास किया जा रहा है।

बैठक में बताया गया कि चित्तौड़ प्रांत में लोकमंथन यात्रा का शुभारंभ 8 अक्टूबर 2026 को पुष्कर से किया गया है। यात्रा का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक सहभागिता को एक सूत्र में जोड़ते हुए जन-जन तक राष्ट्रीय एकता, भारतीय संस्कृति एवं लोक चेतना का संदेश पहुंचाना है।

बारां जिले में लोकमंथन यात्रा का आगमन 20 अक्टूबर 2026 को होगा। यात्रा प्रातः 8:30 बजे अन्ता खंड के प्रभात ग्राम रूपपुरा पहुंचेगी। इसके बाद बारां नगर में दोपहर 2:30 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोटा रोड, बारां पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों की ओर से स्वागत के साथ विविध सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यात्रा के तहत अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) की ओर से शिक्षक संगोष्ठी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से ऐतिहासिक स्थल का भ्रमण, अधिवक्ता परिषद की ओर से संविधान परिचर्चा, संस्कृत भारती एवं विद्या भारती की ओर से बाल मंथन एवं विद्यालयीन गतिविधियां तथा विज्ञान भारती की ओर से विज्ञान विषयक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। संस्कार भारती की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। इसके साथ ही लोक संस्कृति एवं लोक संगीत से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोक कलाओं के मंचीय कार्यक्रम एवं ग्रामीण खेलकूद दशहरा मैदान बारां में आयोजित होंगे।

बैठक में बताया गया कि लोकमंथन यात्रा के माध्यम से जिले की लोक कला, लोक संगीत, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। यात्रा विभिन्न संगठनों एवं समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए लोक चेतना से लोक कल्याण की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।

आयोजन को लेकर विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। लोकमंथन यात्रा के बारां आगमन से पहले कार्यक्रमों, स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Tags: