तस्वीर में डोल मेला रंगमंच पर बने मंच पर एक कलाकार गुलाबी पोशाक में प्रस्तुतियाँ दे रही हैं।

बारां। ऐतिहासिक डोल मेला रंगमंच पर बुधवार रात अनंत इवेंट के सहयोग से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति के तरानों और बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कार्यक्रम में ‘संदेशे आते हैं, हमें तड़पाते हैं...’ सहित देशभक्ति गीतों पर श्रोता देर तक तालियां बजाते और झूमते नजर आए।

डोल मेला रंगमंच मीडिया प्रभारी लक्ष्मण वर्मा सागर ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत गणपति वंदना से हुई। इसके बाद गायक एच.के. तराना ने ‘संदेशे आते हैं, हमें तड़पाते हैं...’ सहित देशभक्ति के कई गीत प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम स्थल पर देशप्रेम का रंग घोल दिया और श्रोता गीतों पर देर तक तालियां बजाते नजर आए।

कार्यक्रम में जीतू जितेंद्र ने विभिन्न फिल्मी कलाकारों की हूबहू मिमिक्री प्रस्तुत कर दर्शकों को रोमांचित किया। जैस्मीन राजस्थानी, रिया, बिल्लू, पीहू सहित अन्य कलाकारों ने बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों पर आकर्षक चित्रहार प्रस्तुत किए। रंगमंच पर गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।

कार्यक्रम के प्रारंभ में डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर ने एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज करा चुके बारां निवासी धावक मोहित सिंह हाड़ा का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर अंकित खंडेलवाल, रिंकेश सहित अन्य गणमान्य नागरिकों का भी स्वागत किया गया। देशभक्ति गीतों, मिमिक्री और बॉलीवुड प्रस्तुतियों से सजी इस शाम ने डोल मेला रंगमंच पर देर रात तक दर्शकों का मनोरंजन किया।

Tags: