बारां में किसानों से 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का आरोपी विकास उर्फ विक्की बंसल कोटा से गिरफ्तार
बारां में किसानों से 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी के मामले में दो माह से फरार आरोपी विकास उर्फ विक्की बंसल को पुलिस ने कोटा से गिरफ्तार कर लिया।
केलवाड़ा पुलिस थाना परिसर में खड़े पुलिसकर्मियों के आगे जमीन पर बैठा धोखाधड़ी का आरोपी विकास उर्फ विक्की बंसल।
बारां जिले में किसानों के साथ करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में पिछले दो माह से फरार चल रहे आरोपी विकास उर्फ विक्की बंसल को पुलिस ने कोटा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी थाना केलवाडा पुलिस की विशेष टीम ने की है और उससे मामले में गहनता से अनुसंधान जारी है।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को फरियादी हजारी लाल पुत्र काशीलाल, जाति किराड, उम्र 59 वर्ष, निवासी ढीकवानी, थाना केलवाडा सहित अन्य किसान थाना केलवाडा पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि अलग-अलग गांवों के किसानों ने लगभग दो माह पूर्व विकास बंसल उर्फ विक्की बंसल पुत्र गणेशा लाल, निवासी राजपुर, जो समरानियाँ मंडी में आड़तिया है तथा जिसकी फर्म सम्य ट्रेडिग कम्पनी के नाम से संचालित है, को अपनी कृषि उपज बेची थी। रिपोर्ट में नाहरगढ़ निवासी पंकज मंगल, मुकेश गर्ग, लोकेश बनिया तथा राजपुर निवासी विकास बंसल, गौरव बंसल और गणेशा बंसल के नाम भी शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, संबंधित लोगों ने मंडी से माल खरीदने के बाद कुछ माल बिना डॉक के खरीदा और किसानों का भुगतान नहीं किया। किसानों को दिए गए कुछ चेक ऐसे थे जिनके बैंक खातों में राशि उपलब्ध नहीं थी। कुछ किसानों के पास मंडी के बिल भी हैं, जबकि कुछ को फर्जी चेक दिए गए। किसानों को यह कहकर आश्वस्त किया गया कि 4 से 5 दिन में भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद जब किसान दुकान पर पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। मोबाइल पर संपर्क करने पर 10 से 15 दिन तक उन्हें गुमराह किया गया और बाद में मोबाइल भी बंद कर दिया गया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि संबंधित व्यक्ति फर्म छोड़कर अज्ञात स्थान पर रहने लगा।
पुलिस के अनुसार, फर्म द्वारा 4 किसानों से खरीदे गए माल की राशि 43,36,815 रुपये के फर्जी चेक दिए गए, जबकि 11 किसानों द्वारा बेचे गए 67,15,663 रुपये के माल के संबंध में धोखाधड़ी की गई। रिपोर्ट में किसानों को जान से मारने तथा उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। इस संबंध में थाना केलवाडा पर मुकदमा संख्या 157/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) एवं 318(4) के तहत दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां सौरभ तिवाड़ी के सुपरवीजन तथा वृताधिकारी शाहबाद आशीष कुमार भार्गव के नेतृत्व में थाना केलवाडा के थानाधिकारी नरेन्द्र सिंह के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम के सार्थक प्रयासों से किसानों के साथ धोखाधड़ी कर पिछले दो माह से फरार चल रहे आरोपी विकास उर्फ विक्की बंसल पुत्र गणेश बंसल, जाति महाजन, उम्र 35 वर्ष, निवासी राजपुर, थाना शाहबाद, हाल समरानिया, थाना केलवाडा, जिला बारां को कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से मामले में गहनता से अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में थाना केलवाडा के थानाधिकारी नरेन्द्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक लाल बहादुर सिंह, कांस्टेबल मुकेश तथा कांस्टेबल सुशील की विशेष भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में अनुसंधान जारी है और प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है।