अटरू अस्पताल विवाद पर भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, पत्रकार वार्ता में खोले पिछले शासन के कई मुद्दे

अटरू में भाजपा अटरू मंडल की पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन और अटरू अस्पताल विवाद पर पलटवार किया। चिकित्सकों की कमी, विकास कार्यों के लिए स्वीकृत 12 करोड़ रुपये और बस स्टैंड को लेकर भी महत्वपूर्ण बयान दिए गए।

Update: 2026-07-30 11:00 GMT

तस्वीर में अटरू में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा नेता मुकेश मिश्रा और अन्य कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।

अटरू/बारां। अटरू कस्बे के रेस्टहाउस में भाजपा अटरू मंडल की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने कांग्रेस द्वारा किए गए धरना-प्रदर्शन और अटरू अस्पताल में हुए उत्पात को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकेश मिश्रा ने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस शासनकाल से जुड़े कई मुद्दे उठाए।

वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश मिश्रा ने कहा कि अटरू अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को शीघ्र ही दूर किया जाएगा, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रहने के बावजूद अटरू अस्पताल में महिला चिकित्सक नहीं थी और तीन-चार डॉक्टरों से अधिक कभी तैनात नहीं रहे। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे में कांग्रेस किस आधार पर महिला चिकित्सक और डॉक्टरों की कमी को लेकर विरोध कर रही है।

भाजपा अटरू मंडल अध्यक्ष पवन गदोलिया ने बताया कि अटरू चिकित्सालय की समस्याओं के संबंध में शीर्ष नेतृत्व को लिखित रूप से अवगत करा दिया गया है और शीघ्र ही सभी रिक्त पदों पर चिकित्सकों की नियुक्ति कर दी जाएगी।

भाजपा नेता एडवोकेट सुरेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए बार-बार नाटक कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने हाल ही में अटरू कस्बे के विकास कार्यों के लिए 12 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके साथ ही अटरू बस स्टैंड के लिए भी राशि प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने इन दोनों महत्वपूर्ण कार्यों की स्वीकृति के लिए सांसद दुष्यंत सिंह और विधायक राधेश्याम बैरवा के योगदान की सराहना की।

पत्रकार वार्ता में भाजपा नेता एडवोकेट सुरेश शर्मा, आईटी सेल प्रमुख सुरेन्द्र बरखेड़ी, पूर्व मंडल अध्यक्ष ओम नागर, प्रेम सुमन, प्रमोद शर्मा, प्रधुबन शर्मा, अरविन्द पारीक, बालकिशन सुमन, सुरेश राणा, जितेन्द्र सुमन, जगदीश ओढ़ तथा नन्दकिशोर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News