बारां व्यापार महासंघ का एसपी को ज्ञापन, अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा पर दर्ज रिपोर्ट निरस्त करने की मांग

बारां में व्यापार महासंघ ने अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा पर दर्ज रिपोर्ट को झूठा बताते हुए एसपी को ज्ञापन सौंपा। एसपी ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया।

Update: 2026-07-31 13:44 GMT

तस्वीर में बारां जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते व्यापार महासंघ के प्रतिनिधि।

बारां में यातायात पुलिस की कांस्टेबल शकुंतला द्वारा व्यापार महासंघ अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा के खिलाफ दर्ज कराई गई रिपोर्ट के विरोध में व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने रिपोर्ट को झूठा बताते हुए इसे शीघ्र निरस्त कराने की मांग उठाई।

व्यापार महासंघ के प्रवक्ता हर्षित जैन ने बताया कि 29 जुलाई 26 को लगभग शाम 7:00 बजे प्रताप चौक पर व्यापार महासंघ अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा ने यातायात कर्मचारी शकुंतला से आग्रह किया था कि आमजन, व्यापारियों, ग्राहकों और किसानों के चालान गैर कानूनी तरीके से नहीं बनाए जाएं। उनका आरोप है कि इसी बात को लेकर शकुंतला ने शहर कोतवाली में व्यापार महासंघ अध्यक्ष के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी।

इस मामले के विरोध में व्यापार महासंघ का प्रतिनिधिमंडल जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु से मिला। प्रतिनिधिमंडल में देवकीनंदन बंसल, अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा, विमल बंसल, मनीष लश्करी, जितेंद्र अदलक्खा, महामंत्री कन्हैयालाल चित्तौड़ा, नरेश नन्दवाना, उपाध्यक्ष नरेश खंडेलवाल, कमलेश जैन, आनंद बंसल, भानु पोरवाल, आसिफ भाई, कपिल पोरवाल, प्रदीप जैन (मेडिकल), संजय शर्मा, मनोज पिपलानी, मनोज बाठला, राहुल कुमरा, सौरभ भार्गव, महेंद्र शर्मा, राजेंद्र गेरा, आसिफ भाई सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे।

व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक से कहा कि आमजन और व्यापारियों की समस्या पर चर्चा करना क्या गैरकानूनी है। उनका कहना था कि यातायात कर्मचारी ने मनगढ़ंत और झूठी बातों के आधार पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि ऐसा है तो कोई भी जनप्रतिनिधि, नेता, व्यापारी अथवा व्यापार संघ का अध्यक्ष जनहित के मुद्दों पर बात भी नहीं कर सकेगा। उन्होंने फर्जी एवं झूठी रिपोर्ट को शीघ्र निरस्त कराने की मांग की।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने व्यापारियों से कहा कि यदि उन्होंने कोई गलती नहीं की है तो उनके साथ कुछ भी गलत नहीं होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि रिपोर्ट झूठी पाई जाती है तो झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने आमजन से शहर में यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना कानूनी अपराध है और इससे स्वयं तथा सामने वाले व्यक्ति की जान को खतरा हो सकता है। वहीं व्यापार महासंघ के व्यापारियों ने भी आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात नहीं करें और यदि आवश्यक हो तो वाहन को एक तरफ खड़ा कर मोबाइल पर बातचीत करें।

Tags:    

Similar News