बारां के सिद्धपीठ बरडिया बालाजीधाम में 108 अखण्ड रामायण पाठ अनवरत जारी, विजयादशमी पर होगी पूर्णाहूति

बारां के सिद्धपीठ बरडिया बालाजीधाम में 04 जुलाई से 108 अखण्ड रामायण पाठ और प्रतिदिन सुंदरकाण्ड व हनुमान चालीसा का पाठ जारी, विजयादशमी पर होगी पूर्णाहूति।

Update: 2026-07-25 09:58 GMT

तस्वीर में बारां के बरडियाधाम स्थित हनुमान जी की सिंगारित प्रतिमा और उनके समक्ष पूजा-अर्चना करते एक श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।

बारां शहर के प्राचीन सिद्धपीठ बरडियाधाम बालाजी में 04 जुलाई से अनवरत 108 अखण्ड रामायण पाठ का अभिनव आयोजन लगातार जारी है। धार्मिक आयोजन के तहत प्रतिदिन 101 हनुमान चालीसा का पाठ भी श्रद्धालु स्वयं अपने मुख से कर रहे हैं।

सिद्धपीठ बरडिया बालाजीधाम के अध्यक्ष कैलाश पारस तथा आयोजन की मुख्य भूमिका निभा रहे अशोक बंसल ने बताया कि क्षेत्र में सुख-समृद्धि, अच्छी बरसात और सभी के स्वस्थ रहने की कामना के साथ सिद्धपीठ बरडियाधाम बालाजी में अनवरत 108 रामायण पाठ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रामायण का पाठ करने वाले श्रद्धालु स्वयं अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

आयोजन के दौरान रामायण पाठ के साथ-साथ प्रतिदिन 11 सुंदरकाण्ड का पाठ और 101 हनुमान चालीसा का पाठ भी लगातार जारी है। कार्यक्रम में शहर के अनेक श्रद्धालु व्यक्तिगत रूप से भागीदारी निभा रहे हैं। वहीं बड़ी संख्या में दर्शनार्थी भी आयोजन में शामिल होकर रामायण पाठ में अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

आयोजन समिति के अनुसार यह अभिनव धार्मिक आयोजन केवल धार्मिकता के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा पीढ़ी को सनातन से जोड़ने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कड़ी है। समिति ने बताया कि इस आयोजन का समापन आगामी विजयादशमी के दिन पूर्णाहूति के साथ होगा। इस अवसर पर प्रसादी के रूप में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।

Tags:    

Similar News