समुद्रपुर में मोटरपंप चोरी का खुलासा, दो नाबालिग चोर पकड़े गए, 89,450 रुपये का माल जब्त
समुद्रपुर पुलिस ने खेतों से पानी के पंप चुराने वाले दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर 89,450 रुपये का सामान और मोटरसाइकिल बरामद की है।
समुद्रपुर पुलिस स्टेशन के बाहर बरामद चोरी की मोटरों के साथ पुलिस टीम खड़ी है।
महाराष्ट्र के समुद्रपुर में खेतों से पानी की मोटर चोरी करने वाले दो नाबालिगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर मोटरपंप चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद चोरी की मोटरों सहित कुल 89,450 रुपये का सामान जब्त किया है। आरोपियों ने समुद्रपुर थाना क्षेत्र में तीन अन्य स्थानों से भी पानी की मोटर चोरी कर हिंगणघाट में बेचने की बात कबूल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समुद्रपुर निवासी अक्षय दिलीपराव निघोट का मौजा ईठलापुर शिवार में खेत है। खेत में बने बंडे में फसल की सिंचाई के लिए इस्तेमाल होने वाली 3 हॉर्स पावर की सबमर्सिबल मोटरपंप और सोलर बैटरी रखी हुई थी। 24 अक्टूबर 2026 की शाम 7 बजे से 25 अक्टूबर 2026 की सुबह 7 बजे के बीच अज्ञात चोर इन सामानों को चुराकर ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत 12,000 रुपये बताई गई थी।
इस संबंध में अक्षय दिलीपराव निघोट की मौखिक शिकायत पर समुद्रपुर पुलिस स्टेशन में 26 अक्टूबर 2026 को अपराध क्रमांक 305 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) के अनुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान 27 अक्टूबर 2026 को संदेह के आधार पर दो विधि संघर्षित बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से पानी की सबमर्सिबल मोटरपंप, जिसकी कीमत 8,000 रुपये, मोटरपंप खोलने में इस्तेमाल होने वाला पाना, जिसकी कीमत 1,750 रुपये और बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच 32 एम 2967, जिसकी कीमत 40,000 रुपये है, जब्त की। इस तरह कुल 49,750 रुपये का सामान बरामद किया गया।
पूछताछ में दोनों नाबालिगों ने समुद्रपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अन्य तीन स्थानों से भी पानी की मोटर चोरी करने और उन्हें हिंगणघाट में बेचने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने चोरी की गई तीन अन्य पानी की मोटरें भी बरामद कीं, जिनकी कुल कीमत 39,700 रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मोटरपंप और अन्य सामान सहित कुल 89,450 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुशीलकुमार नायक और थाना प्रभारी दीपक वानखडे के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई करने वाली डीबी टीम में पुलिस हवलदार प्रकाश मैंद, कपिल मेश्राम, पुलिस नायक विशाल बंगाले तथा पुलिसकर्मी संजय वानखेडे और संदीप उईके शामिल रहे।