तस्वीर में बुलंदशहर में आयोजित रैली के दौरान कांग्रेस नेता कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर विशाल फूलों की माला से स्वागत करते हुए नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस ने मिशन 2027 की तैयारियों के तहत बुलंदशहर जिले में चुनावी शंखनाद कर दिया। औरंगाबाद में आयोजित कांग्रेस की विजय संकल्प रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान के नेतृत्व में सिकंदराबाद टोल पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्रपाल गौतम, राष्ट्रीय सचिव एवं सहप्रभारी संजीव आर्य, सांसद इमरान मसूद तथा अभिनेता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजबब्बर का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के समर्थन में नारेबाजी करते हुए मिशन 2027 में उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।

रैली में सामाजिक सद्भाव, संविधान की रक्षा, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, धार्मिक भेदभाव और दलितों के साथ कथित भेदभाव जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। सभा में पूर्व जिलाध्यक्ष श्योपाल सिंह और उनके साथियों के पुनः कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान किया गया। राष्ट्रीय सचिव एवं सहप्रभारी संजीव आर्य ने उनका स्वागत किया।



उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्रपाल गौतम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता नफरत और विभाजन की राजनीति से ऊब चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने का काम किया है, जबकि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और सामाजिक सद्भाव की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि देश को कांग्रेस ने आजाद करवाया है, जबकि भाजपा और उसके वंशज अंग्रेजों की मुखबिरी कर रहे थे।

राजेंद्रपाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस ने उस दौर में आर्थिक रूप से कमजोर देश को आज की स्थिति में पहुंचाया है। गांधी, अंबेडकर और संविधान के विचारों को मजबूत करना आज पहले से कहीं अधिक जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी धर्म या समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि नफरत, अन्याय, भ्रष्टाचार और भेदभाव की राजनीति के खिलाफ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग देश को चौतरफा लूट रहे हैं और देश तथा प्रदेश में गुंडों का शासन है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था त्राहि-त्राहि कर रही है। उनके मुताबिक प्रदेश में ऐसा माहौल बनाया जाना चाहिए, जहां हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता से संवाद करने तथा कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।

राजेंद्रपाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस ने जो बनाया, गरीबी, किसानों और दलितों को मुख्य धारा से जोड़ा, उसे आज भाजपा बेचने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विदेश नीति और आर्थिक नीति बुरी तरह से फैल है और नरेंद्र सरेंडर हो गया है। उन्होंने कहा कि देश में एक ओर नफरत फैलाने वाले और देश बेचने वाले हैं, जबकि दूसरी तरफ कांग्रेस के लोग हैं, जो मोहब्बत फैलाना चाहते हैं और प्रत्येक वर्ग को शिक्षित कर आगे बढ़ाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि जाति और धर्म की राजनीति को आमजन को खत्म करना होगा तथा राहुल गांधी के साथ एकजुट होकर देशहित में चलना होगा। उन्होंने डॉ. अंबेडकर और पंडित नेहरू के विचारों तथा नीतियों के साथ देश को चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर को कांग्रेस ने हमेशा सम्मान दिया और संविधान सभा में हमेशा सर्वोपरि रखा। उनके अनुसार दलितों, वांछित, अल्पसंख्यों और आम आदमी का हित कांग्रेस ने सुरक्षित है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं अभिनेता राजबब्बर ने कहा कि देश की ताकत उसकी विविधता और आपसी भाईचारे में है। जब समाज में धर्म और जाति के आधार पर दूरी पैदा की जाती है तो लोकतंत्र कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला और वंचित वर्गों की आवाज उठाई है।

राजबब्बर ने कहा कि दलितों और कमजोर वर्गों को बराबरी का अधिकार केवल भाषणों से नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने से मिलेगा।

पूर्व सांसद इमरान मसूद ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान का अधिकार दिया है। इसलिए किसी भी नागरिक के साथ जाति, धर्म या सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि आने वाला समय बदलाव का है और जनता 2027 में अपने वोट की ताकत से जवाब देगी।

इमरान मसूद ने कहा कि दलितों और मुस्लिमों को एकसाथ आना होगा। कांग्रेस के साथ आने पर हर समाज और वर्ग स्वयं पार्टी से जुड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों को भाजपा को हराने का ठेका छोड़कर पार्टी और राहुल गांधी जी का साथ देना होगा। उन्होंने मुस्लिम नौजवानों से जवानी कुर्बान करने से बचने की बात कही।

राष्ट्रीय सचिव एवं सहप्रभारी संजीव आर्य, पूर्व विधायक विवेक बंसल और विदित चौधरी ने कहा कि प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक अव्यवस्था से परेशान है। सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना है जिसमें शासन जनता के प्रति जवाबदेह हो। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी का मोहब्बत की दुकान का संदेश गांव-गांव चल रहा है और 2027 में भाजपा का सफाया यूपी से होने जा रहा है।

पूर्व सांसद राशिद अल्वी और पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल ने कहा कि भाजपा की राजनीति में आम आदमी के वास्तविक सवाल पीछे छूट गए हैं। धार्मिक मुद्दों को उछालकर जनता का ध्यान बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे सवालों से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, मजदूर और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर संघर्ष करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही ऐसी ताकत है जो सभी धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चल सकती है। देश को बांटने वाली राजनीति का जवाब भाईचारे और एकता से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता अब वास्तविक मुद्दों पर बात चाहती है और 2027 में उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने कहा कि बुलंदशहर का कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ मिशन 2027 की तैयारी में जुट चुका है। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद की विजय संकल्प रैली ने संदेश दिया है कि जिले में कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ-बूथ पहुंचकर जनता की समस्याओं को उठाएंगे तथा सामाजिक सद्भाव, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे।

जियाउर्रहमान ने कहा कि बुलंदशहर में कांग्रेस का संगठन आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा। जनता के बीच भाजपा सरकार की नीतियों और स्थानीय समस्याओं को लेकर जनसंवाद अभियान चलाया जाएगा। औरंगाबाद की विजय संकल्प रैली के जरिए कांग्रेस ने जिले में मिशन 2027 के लिए संगठनात्मक सक्रियता और चुनावी अभियान को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Tags: