हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच भारत सरकार ने उत्तराखंड के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न का आवंटन किया है। केंद्र सरकार ने राज्य को 3,051.079 मीट्रिक टन गेहूं और 4,978.073 मीट्रिक टन चावल अतिरिक्त रूप से उपलब्ध कराया है।

उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से जारी पत्र के अनुसार उत्तराखंड को कुल 8,029.152 मीट्रिक टन गेहूं एवं चावल का अतिरिक्त आवंटन किया गया है। यह आवंटन कुंभ मेले के दौरान खाद्यान्न की अतिरिक्त आवश्यकता को देखते हुए किया गया है।

भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के लिए संबंधित राज्य को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत वार्षिक खाद्यान्न आवंटन का अधिकतम दो प्रतिशत तक अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया जाता है। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार ने केंद्र सरकार से राज्य के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन की मांग की थी।

उत्तराखंड सरकार की मांग के बाद भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने राज्य को अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया। इसमें 3,051.079 मीट्रिक टन गेहूं तथा 4,978.073 मीट्रिक टन चावल शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से आयोजित करने के लिए राज्य सरकार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र से मिले अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन को कुंभ मेला-2027 की तैयारियों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Tags: