मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों एवं निर्माण योजनाओं के लिए ₹86 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति के तहत पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, देहरादून और चमोली जनपदों में सड़क निर्माण, मंदिरों के सौन्दर्यीकरण, घंटाघर निर्माण तथा विश्वविद्यालय के वेतन-भत्तों सहित विभिन्न कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री द्वारा जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के न्याय पंचायत बीसाबजेड से ग्राम विपुल सम्पर्क सीसी रैलिग मार्ग के निर्माण के लिए ₹49.64 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

इसी क्रम में जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र रानीखेत के विकासखण्ड ताड़ीखेत के अंतर्गत ग्राम दुभणा प्राचीन चमूथान मंदिर, रानीखेत झूला देवी मंदिर, रानीखेत शिव मंदिर, बिल्लेख में देवी मंदिर, चमडखान में ग्येल देवता मंदिर और खुशालकोट शिव मंदिर के सौन्दर्यीकरण के लिए ₹3.34 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन किया गया है।

जनपद देहरादून के विधानसभा क्षेत्र डोईवाला के अठूरवाला टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर के निर्माण के लिए ₹97 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किया गया है। इसके साथ ही गोविन्द बल्लन पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी वि०वि० पंतनगर के लिए वेतन भत्ते आदि के मद में ₹150 करोड़ के सापेक्ष द्वितीय किश्त के रूप में ₹80.00 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का भी अनुमोदन किया गया है।

जनपद चमोली के विधानसभा क्षेत्र थराली में भी विभिन्न विकास एवं धार्मिक स्थलों से जुड़े निर्माण कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। विकासखण्ड नंदानगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत सुतोल में ध्योसिंह धाम मंदिर के सौन्दर्यीकरण के लिए ₹19.56 लाख, ग्राम पंचायत रामणी में गोरिया राजा मंदिर के सौन्दर्यीकरण के लिए ₹9.93 लाख तथा ग्राम पंचायत चोपता चौरी में स्थित माँ गिरिजा भवानी मंदिर के पास नव निर्मित धर्मशाला के अवशेष कार्य के लिए ₹33.72 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

इसके अलावा विकासखण्ड नारायणबगड के अंतर्गत ग्राम पंचायत मींग में मींगेश्वर मंदिर के सौन्दर्यीकरण के लिए ₹20.24 लाख तथा ग्राम पंचायत कौब के महादेव मंदिर के सौन्दर्यीकरण के लिए ₹39.62 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री की स्वीकृतियों के तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क, धार्मिक स्थलों के सौन्दर्यीकरण, निर्माण कार्यों और विश्वविद्यालय के वेतन-भत्तों से जुड़े कार्यों के लिए वित्तीय प्रावधान किया गया है।

Tags: