योगी आदित्यनाथ की गाजियाबाद पदयात्रा: हापुड़ से विजयपाल आढ़ती का काफिला रवाना
विपक्षी साजिशों के विरोध और राष्ट्रहित में हापुड़ सदर विधायक विजयपाल आढ़ती के नेतृत्व में सैकड़ों वाहनों का काफिला गाजियाबाद रवाना हुआ।
गाजियाबाद में आयोजित पदयात्रा के लिए हापुड़ से काफिले को हरी झंडी दिखाते विधायक विजयपाल आढ़ती।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित होने वाली विशाल पदयात्रा को लेकर हापुड़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। गुरुवार को सदर विधायक विजयपाल आढ़ती के नेतृत्व में सैकड़ों वाहनों का काफिला और बसें गाजियाबाद के लिए रवाना हुईं। विधायक ने अपने आवास स्थित कार्यालय से वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वह स्वयं भी सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ पदयात्रा में शामिल होने गाजियाबाद पहुंचे।
इस दौरान विधायक विजयपाल आढ़ती ने पदयात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल देशविरोधी ताकतों के सहारे भारत में अराजकता और अस्थिरता का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों का लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना प्रत्येक राष्ट्रप्रेमी नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ इस पदयात्रा में शामिल होने का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रहित, देश की एकता और अखंडता के समर्थन में अपनी सहभागिता दर्ज कराना है।
विधायक ने समाज के सभी वर्गों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि मौजूदा समय में देश के सामने कई चुनौतियां हैं। इनका सामना करने के लिए प्रत्येक वर्ग को जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
विजयपाल आढ़ती ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित इस विशाल पदयात्रा का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देना है। हापुड़ विधानसभा क्षेत्र से इतनी बड़ी संख्या में लोगों का गाजियाबाद पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि यहां की जनता राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए हमेशा तैयार है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। हापुड़ से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की व्यापक भागीदारी के साथ गाजियाबाद पहुंचा काफिला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रस्तावित विशाल पदयात्रा में क्षेत्र की सहभागिता का केंद्र रहा।