मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने एक व्यक्ति पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, मिर्जापुर के अड़लहाट थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित महिला वर्तमान में मुगलसराय के आवास विकास कॉलोनी, बसंतनगर में किराये के मकान में रहती हैं। महिला का आरोप है कि आरोपी और उसका भाई संपत्ति का लालच देकर उससे संपर्क करते थे।

महिला के मुताबिक, 28 जुलाई 2026 को करीब एक बजे आरोपी उसके किराये के मकान में पहुंचा और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पूर्व में भी उसके साथ जबरदस्ती कर चुका है। धमकी के कारण वह शिकायत नहीं कर सकी।

महिला का कहना है कि घटना की सूचना मुगलसराय पुलिस को दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कर आरोपों के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है।

मामले में पुलिस जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। पीड़िता की ओर से पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के बाद अब मामले की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Tags: