तस्वीर में मुगलसराय, चंदौली के थाने में पुलिसकर्मी और संदिग्ध व्यक्ति चेकिंग अभियान के दौरान नजर आ रहे हैं।

मुगलसराय, चंदौली। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए मुगलसराय पुलिस ने गुरुवार को क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनका भौतिक सत्यापन किया और सार्वजनिक स्थानों व प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच-पड़ताल की।

थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों और उनकी वर्तमान उपस्थिति की जानकारी जुटाई। अभियान में एक हिस्ट्रीशीटर अपने घर पर मौजूद मिला। पुलिस ने उसका सत्यापन कर पुलिस अभिलेखों को अपडेट किया।

पुलिस के मुताबिक, चेकिंग अभियान के दौरान कुल 80 लोगों को चेक किया गया, जबकि 15 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और सत्यापन किया गया। इनमें आवश्यक कार्य से आवागमन करने वाले पांच लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

वहीं, शराब के नशे में घूमने और पुलिस के अनुसार अनावश्यक रूप से सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण करने वाले 10 लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई की जद में प्रशान्त कुमार, प्रांजल यादव, लक्ष्मण यादव, आदित्य, अनिल कुमार, लकी, सूरज चौहान, अमित चौहान, शमशेर और मनोज शर्मा शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी आगे भी जारी रहेगी। अभियान में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के साथ उपनिरीक्षक दीनानाथ सिंह, उपनिरीक्षक सीताराम यादव सहित पुलिसकर्मी और चौकी/हल्का प्रभारी शामिल रहे।

Tags: