तस्वीर में बाएं तरफ नीलम पटेल, बीच में पीलीभीत रोड पर दुर्घटना स्थल पर पुलिसकर्मी और एम्बुलेंस, और दाएं तरफ देव पटेल नजर आ रहे हैं।

बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र में पीलीभीत रोड पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मौसी-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

परिजनों के मुताबिक, इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा निवासी ग्राम प्रधान वीरपाल का 21 वर्षीय पुत्र देव पटेल अपनी 32 वर्षीय मौसी नीलम पटेल पत्नी सुरेंद्र, निवासी गांव बारीनगला थाना कैंट, के साथ एसआरएमएस अस्पताल दवा लेने गया था। दोनों का बारादरी क्षेत्र के डोहरा रोड पर भी मकान है। दवा लेने के बाद दोनों बाइक से डोहरा रोड स्थित मकान पर लौट रहे थे।

बताया गया कि पीलीभीत रोड पर अलादपुर चौकी क्षेत्र के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक से सड़क पर जा गिरे और ट्रक उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। हादसे में देव पटेल और नीलम पटेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Tags: