17 महीने बाद खुला पवन हत्याकांड का राज, अपहरण में वांछित महिला गिरफ्तार
एटा में 17 महीने से अनसुलझे पवन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया। अपहरण में वांछित महिला गिरफ्तार हुई।
तस्वीर में दिख रहे पुलिस अधिकारी कार्यालय में बैठे हुए हैं।
थाना नयागांव क्षेत्र में करीब 17 महीने से अनसुलझे पवन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। अपहरण के मामले में वांछित चल रही एक अभियुक्ता को नयागांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने अपने देवर ताराचन्द के साथ मिलकर 22 वर्षीय पवन की हत्या करने की बात स्वीकार की है। हालांकि घटना के कुछ दिन बाद ताराचन्द की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है।
नगला तारा निवासी नन्दराम का करीब 22 वर्षीय पुत्र पवन 25 अप्रैल 2024 की शाम करीब पांच बजे घर से सराय अगहत बाजार जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने 3 मई 2024 को थाना नयागांव में पवन की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस के मुताबिक, मामले में 28 नवंबर 2024 को थाना नयागांव में मुकदमा अपराध संख्या 119/2024 के तहत धारा 364 भादवि में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने विवेचना शुरू कर पवन की तलाश के साथ घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया।
विवेचना के दौरान 29 अक्टूबर 2025 को पुलिस को पूर्व में थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के जाबड़ा नहर में मिले एक अज्ञात शव के बारे में जानकारी मिली। शव की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने उसके फोटो, कपड़े, सैंडिल, शरीर पर बने टैटू, दाहिने हाथ में बंधे कलावे तथा अन्य पहचान चिन्हों को सुरक्षित रखा था।
पुलिस ने इन पहचान चिन्हों के आधार पर पवन के परिजनों से शिनाख्त कराई। वादी नन्दराम, उसकी पत्नी और पुत्र ने अज्ञात शव की पहचान पवन के रूप में की। परिजनों ने शव से जुड़े पहचान चिन्हों की भी पुष्टि की।
शव की पहचान होने और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने अपहरण के मामले में हत्या की धारा 302 भी बढ़ा दी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता से पूछताछ में उसने अपने देवर ताराचन्द के साथ मिलकर पवन की हत्या करने की बात बताई।
पुलिस का कहना है कि हत्या की घटना के कुछ दिन बाद आरोपी ताराचन्द की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। अब गिरफ्तार महिला से पूछताछ के आधार पर पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेन्द्र सिंह के निकट पर्यवेक्षण में थाना नयागांव पुलिस ने वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, थाना नयागांव, उपनिरीक्षक मनिन्द्र कुमार, कांस्टेबल विशाल चौधरी, कांस्टेबल राघवेन्द्र कुमार और महिला कांस्टेबल सृष्टि चौधरी शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ थानास्तर से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में बाइट राजेश सिंह, क्षेत्राधिकारी अलीगंज की है।