कासगंज के विशाल मेगा मार्ट में लगी भीषण आग, दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद
नदरई गेट स्थित परिसर की ऊपरी मंजिल में आग से फैला धुआं, एटा से भी बुलाई गई दमकल की गाड़ी, जांच जारी।
तस्वीर में विशाल मेगा मार्ट इमारत के बाहर खड़ी दमकल गाड़ी और दमकलकर्मी दिख रहे हैं।
कासगंज के नदरई गेट स्थित विशाल मेगा मार्ट की ऊपरी मंजिल में अचानक भीषण आग लगने से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। स्थिति को देखते हुए आग पर काबू पाने के लिए एटा से भी दमकल की गाड़ी बुलानी पड़ी।
आग ऊपरी मंजिल में लगी, जहां से उठे घने धुएं के कारण आसपास मौजूद लोगों को आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना पर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर दमकल की टीमों के लिए रास्ता क्लियर कराया, ताकि आग बुझाने का काम बाधित न हो।
दमकल की चार गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन भी जारी रहा। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मामले को लेकर कासगंज की क्षेत्राधिकारी सदर आंचल चौहान ने बताया कि वह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं और आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आग किन कारणों से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पा रहा है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि कोई कैजुअल्टी नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।