तस्वीर में पुलिस अधिकारियों के साथ गिरफ्तार आरोपी प्रेस कॉन्फ्रेंस में खड़े दिख रहे हैं।

कासगंज में अशोक नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास 18 वर्षीय किशोरी की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में समीर, अमित, अरसद और अरसलान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 35 हजार 100 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, मृतका का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा व चाकू बरामद किया गया है। घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक कासगंज ओम प्रकाश सिंह ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर की सुबह कोतवाली कासगंज क्षेत्र के अशोक नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास खेत में बने समरसेबिल की कोठरी की छत पर 18 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। परिजनों की तहरीर पर हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह के निर्देशन में पांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। 24 सितंबर को पुलिस ने पुरानी रेलवे क्रॉसिंग, अशोक नगर से चार आरोपियों समीर, अमित, अरसद और अरसलान को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने रुपयों और जेवरात हड़पने की योजना के बारे में जानकारी दी। पुलिस का दावा है कि किशोरी से रुपये और जेवरात लेने के बाद चारों उसे खेत में बने ट्यूबवेल की कोठरी के पास ले गए। वहां दुपट्टे से उसका गला दबाया गया और बाद में चाकू से गर्दन काटकर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए मृतका के कपड़े, चप्पल और बैग को झाड़ियों में जला दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर इन्हें भी बरामद किया गया है। मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जगदीश चन्द्र और एसओजी प्रभारी रितेश कुमार अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई के बाद 23 सितंबर को सामने आए किशोरी हत्याकांड का 24 सितंबर को खुलासा करते हुए चार आरोपियों की गिरफ्तारी और कथित हत्या में प्रयुक्त सामान समेत अन्य बरामदगी की गई है।

Tags: