तस्वीर में समाजवादी पार्टी नेता रामजी लाल सुमन हापुड़ में बैनर के आगे माइक पर बोलते हुए।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने आगामी विधानसभा चुनाव और पार्टी की रणनीतियों को लेकर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की सियासत को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि आगामी 15 नवंबर को आगरा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का विशाल दलित सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव होंगे।

रामजी लाल सुमन ने बताया कि 15 नवंबर को होने वाले इस सम्मेलन को ऐतिहासिक और शानदार बनाने के लिए वह खुद तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारी पूरी तैयारी में जुटे हैं। इसी सिलसिले में वे हापुड़ के साथ पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दौरा कर रहे हैं, ताकि कार्यकर्ताओं को एकजुट किया जा सके।

मीडिया बातचीत के दौरान महिला का नाम नहीं लेने को लेकर पूछे गए सवाल पर सपा नेता नाराज हो गए। उन्होंने कहा, “हमने तो उन्हें बुलाया ही है, ये तो आपका कोई सवाल ही नहीं है। अरे यार, कोई ढंग की बात पूछो! चिंता मत करो, हम सब संभाल लेंगे। चौधरी हमारी पार्टी के कार्यकर्ता हैं, हमारे नेता हैं, उनकी चिंता हमें आपसे ज्यादा है।”

आगामी विधानसभा चुनाव में सपा को मिलने वाली सीटों की संख्या के सवाल पर रामजी लाल सुमन ने कहा, “अभी से सीटें कैसे बता दें सीटें जनता तय करेगी या हम तय करेंगे।” उन्होंने कहा कि इतना जरूर तय है कि प्रदेश में इतनी सीटें आ जाएंगी कि अखिलेश यादव फिर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सूबे में सपा की सरकार बनेगी और बीजेपी इस चुनाव में पूरी तरह से हारेगी।

आगरा में 15 नवंबर को प्रस्तावित यह दलित सम्मेलन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा की चुनावी तैयारियों के बीच आयोजित होने जा रहा है, जबकि रामजी लाल सुमन के मुताबिक सम्मेलन की तैयारियों के लिए पार्टी स्तर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दौरे और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का सिलसिला जारी है।

Tags: