तस्वीर में दिख रहा है कि अलीगंज में एक ओर लाल रंग की सतह पर डंडा रखा है और दूसरी ओर एक व्यक्ति के हाथ पर चोट का निशान है।

एटा जिले के अलीगंज कस्बे के मोहल्ला लुहारी दरवाजा में मंगलवार देर रात किराना दुकानदार और उसके परिजनों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मियों द्वारा दुकानदार और उसके परिवार के सदस्यों को डंडों से पीटने का वीडियो गुरुवार को सामने आया। पीड़ित परिवार ने एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर इलामरन जी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

पीड़िता सलमा बेगम पत्नी अलीम, निवासी मोहल्ला लुहारी दरवाजा, थाना अलीगंज के अनुसार घटना मंगलवार देर रात करीब साढ़े 10 बजे की है। उस समय उनके देवर की सगाई का कार्यक्रम था और इसी कारण किराने की दुकान खुली रह गई थी। इसी दौरान कोबरा बाइक पर आरक्षी संदीप और अन्य कांस्टेबल पहुंचे और दुकान बंद करने के लिए कहा।



सलमा बेगम के अनुसार कुछ देर बाद उक्त पुलिसकर्मी दोबारा आए और गाली-गलौज करते हुए अभद्रता करने लगे। इसके बाद अलीम और उसके दोनों भाइयों के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंची सलमा बेगम के अनुसार कांस्टेबल संदीप ने उनके हिप पर लात मारी। आरोप है कि एक नाबालिग किशोरी के साथ भी मारपीट की गई।

शिकायत के अनुसार इसके बाद सिपाही संदीप ने अन्य पुलिसकर्मियों को फोन करके बुला लिया। करीब सात पुलिसकर्मी हाथों में डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और लाठियों से मारपीट करने लगे। महिला के अनुसार पुलिसकर्मियों ने अलीम, छोटे मियां, बाहर मियां और भतीजे अनस को लाठियों से बुरी तरह पीटा। पीड़िता ने पुलिस कप्तान से मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि 22 सितंबर की रात को कोबरा मोबाइल पर आरक्षी संदीप तैनात थे। इसी दौरान लुहारी दरवाजा में दुकान बंद कराने को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद आरक्षी संदीप ने अपने साथी आरक्षी विनीत मावी, मोहित तालान, अनमोल और दिवाकर सिंह को बुलाया। इन पुलिसकर्मियों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर दुकानदार के साथ मारपीट की गई, जिसका वीडियो सामने आया।

वीडियो के सामने आने के बाद एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर इलामरन जी ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिसकर्मियों के खिलाफ हुई यह कार्रवाई सामने आए वीडियो और पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद की गई है।

Tags: