तस्वीर में चंदौली में एक बैंक की बंद शाखा के बाहर कैलेंडर, लाल रंग का ताला और लाउडस्पीकर का प्रतीकात्मक चित्रण दिखाई दे रहा है। यह तस्वीर काल्पनिक है और एआई द्वारा केवल संदर्भ के लिए बनाई गई है।   

चंदौली। सितंबर के अंतिम सप्ताह में बैंक ग्राहकों के लिए लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाओं में लगातार पांच दिनों तक नियमित कामकाज प्रभावित हो सकता है।

अग्रणी जिला प्रबंधक आशीष कुमार मिश्रा ने ग्राहकों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए 25 सितंबर तक नकद निकासी-जमा, चेक जमा, ड्राफ्ट समेत अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य निपटा लें।

उन्होंने बताया कि बैंक शाखाएं बंद रहने की स्थिति में चेक क्लियरिंग और अन्य कागजी बैंकिंग सेवाओं में देरी हो सकती है। जिन ग्राहकों को भुगतान, चेक या बैंक से जुड़े जरूरी काम करने हैं, वे समय रहते संबंधित शाखा से संपर्क कर लें।

बैंक शाखाओं के बंद रहने के दौरान एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकेगा। हालांकि, इन सेवाओं की उपलब्धता तकनीकी स्थिति और संबंधित बैंक की व्यवस्था पर निर्भर करेगी।

अग्रणी बैंक प्रबंधक कार्यालय ने आम लोगों से अपील की है कि वे बैंकिंग कार्यों को लेकर पहले से तैयारी रखें और संभावित असुविधा से बचने के लिए जरूरी लेन-देन समय पर पूरा कर लें।

Tags: