हापुड़: एसपी ने दंगल में पहलवानों का बढ़ाया हौसला, मिशन शक्ति पर की चर्चा
बाबूगढ़ क्षेत्र में आयोजित दंगल पहुंचे एसपी ने महिला पहलवानों की सराहना की और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
हापुड़ के बाबूगढ़ में दंगल के दौरान पहलवानों का हौसला बढ़ाते एसपी।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में आयोजित भव्य दंगल में पुलिस अधीक्षक ने पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने अखाड़े में हिस्सा ले रहे पहलवानों का हाथ मिलवाकर उनका हौसला बढ़ाया। साथ ही मिशन शक्ति फेज-06 अभियान के तहत महिला पहलवानों, स्थानीय महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया।
दंगल कार्यक्रम में पहुंचे पुलिस अधीक्षक का आयोजन समिति की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने अखाड़े में पहुंचकर पहलवानों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया। एसपी ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन बनाए रखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने महिला पहलवानों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उनका अखाड़े में उतरना नए भारत की सशक्त तस्वीर को दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उत्तर प्रदेश सरकार के सुरक्षा अभियान मिशन शक्ति फेज-06 के उद्देश्यों पर भी चर्चा की। उन्होंने दंगल में भाग लेने आई महिला पहलवानों, स्थानीय महिलाओं और बालिकाओं से सीधे संवाद कर उन्हें सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
जागरूकता अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि जरूरत पड़ने पर महिला पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का इस्तेमाल किया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा बिना किसी डर के अपनी शिकायतें दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। महिला पहलवानों की सराहना करते हुए उन्होंने समाज की अन्य बेटियों को भी शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर थाना बाबूगढ़ का पुलिस बल, बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे। दंगल के मंच से मिशन शक्ति फेज-06 के तहत दिया गया सुरक्षा और अधिकारों का संदेश महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के अभियान का हिस्सा रहा।