कानपुर देहात के गांव में विजयदशमी पर्व हेतु बच्चे रावण का पुतला तैयार करते हुए।   

कानपुर देहात के राजपुर ब्लॉक क्षेत्र के कांधी और दयानतपुर गांव में बच्चों ने विजयदशमी पर्व को खास बनाने के लिए खुद रावण के पुतले तैयार किए। मंगलवार को बच्चों की इस पहल से गांवों में पर्व को लेकर उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने बच्चों के प्रयास की सराहना की।

सोनू सिंह, कानपुर देहात। राजपुर ब्लॉक क्षेत्र के कांधी गांव में बच्चों ने मिलकर रावण का पुतला तैयार किया। बच्चों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही गांव के बच्चे राम और लक्ष्मण का रूप धारण कर रामलीला का मंचन भी करेंगे। बच्चों की ओर से की जा रही तैयारियों को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है।

वहीं, दयानतपुर गांव में छोटी-छोटी बच्चियों ने भी मिलकर रावण का छोटा पुतला बनाया। बच्चियों की इस पहल को देखकर ग्रामीणों ने खुशी जताई और उनके प्रयास की सराहना की।

ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। साथ ही, उन्हें भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और विजयदशमी पर्व के महत्व को समझने का अवसर मिलता है। कांधी और दयानतपुर गांव में बच्चों की ओर से की गई ये तैयारियां पर्व के प्रति उनके उत्साह और सामूहिक भागीदारी को दर्शाती हैं।

Tags: