हापुड़ में पत्रकार नसीम की हत्या के आरोपी (बाएं से तीसरे, चौथे और पांचवें) पुलिस हिरासत में खड़े हैं, जिन्हें 18 अक्टूबर को हुई मारपीट के मामले में देहात थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।   

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पत्रकार नसीम की हत्या के मामले में हापुड़ देहात थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आटा मिल मालिक सहित तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना विज्ञापन लेने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट से जुड़ी है। इस दौरान गंभीर रूप से घायल हुए पत्रकार नसीम की अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी।

घटनाक्रम के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को पत्रकार नसीम अपने सहयोगियों के साथ विज्ञापन लेने के लिए आरोपियों की जरौठी रोड स्थित आटा मिल पर गए थे। वहां बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आटा मिल पर मौजूद अभियुक्तों ने एक राय होकर नसीम और उनके सहयोगियों पर हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट की। इस हिंसक घटना के बाद पत्रकार नसीम की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हापुड़ पुलिस ने जनपद में अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया। इसी क्रम में हापुड़ देहात थाना पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 439/26 के तहत नामजद तीनों अभियुक्तों को रॉयल एन्क्लेव कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 190, 191(2), 103(1), 352, 351(3) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस प्रशासन की ओर से गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अशोक कुमार गुप्ता पुत्र मूलचन्द गुप्ता, निवासी मौहल्ला पुरानी मण्डी पक्का बाग, थाना हापुड़ देहात; कपिल अग्रवाल पुत्र राम अवतार अग्रवाल, निवासी मौहल्ला इन्द्रलोक कॉलोनी, थाना हापुड़ देहात; और नरेश कुमार पुत्र स्वर्गीय सुरेशचन्द्र, निवासी मौहल्ला सर्वोदय कॉलोनी, थाना हापुड़ देहात, जनपद हापुड़ शामिल हैं।

पत्रकार नसीम हत्याकांड का खुलासा करने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी में हापुड़ देहात थाना पुलिस की टीम ने भूमिका निभाई। इस टीम में थानाध्यक्ष पारस मलिक, उपनिरीक्षक अतुल कश्यप, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार और कांस्टेबल 418 नरेन्द्र सिंह शामिल रहे। पुलिस ने तीनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Tags: