तस्वीर में कन्नौज जिलाधिकारी द्वारा बीएसए पर जांच के लिए जारी सरकारी आदेश पत्र दिख रहा है।

कन्नौज में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार के विरुद्ध लगाए गए कथित शिक्षक उत्पीड़न, अवैध वसूली, प्रशासनिक एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। विशेष सचिव, बेसिक शिक्षा अनुभाग-1, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के निर्देश पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने शिकायत की जांच के लिए तीन अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित की है। समिति को सात दिन में अभिलेखीय साक्ष्यों सहित बिंदुवार जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

कैम्प कार्यालय जिलाधिकारी, कन्नौज से जारी आदेश संख्या 3755/आ०ले०-जि०अ०/2026-27, दिनांक 30 सितंबर 2026 के अनुसार विशेष सचिव, बेसिक शिक्षा अनुभाग-1, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ ने अपने 29 सितंबर 2026 के पत्र के साथ सुब्रत पाठक, पूर्व सांसद (लोक सभा), कन्नौज के 15 अगस्त 2026 के पत्र की प्रति भेजी थी। इसमें श्री संदीप कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कन्नौज के विरुद्ध उल्लिखित शिकायती बिंदुओं की समिति गठित कर नियमानुसार प्रारंभिक जांच कराने तथा जांच आख्या शासन को एक पक्ष में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बाद जिलाधिकारी ने प्रश्नगत शिकायत की जांच के लिए मुख्य विकास अधिकारी, कन्नौज, वरिष्ठ कोषाधिकारी, कन्नौज और जिला विद्यालय निरीक्षक, कन्नौज की संयुक्त समिति गठित की है। नामित अधिकारियों को शिकायत में उल्लिखित बिंदुओं की जांच कर अपनी सुस्पष्ट एवं अभिलेखीय साक्ष्यों सहित बिंदुवार संयुक्त आख्या सात दिवस में अनिवार्य रूप से जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश में कहा गया है कि उक्त पत्र मुख्यमंत्री जी से मिलकर दिया गया है, इसलिए जांच में व्यक्तिगत ध्यान एवं समयबद्धता अपेक्षित है। आदेश तत्काल प्रभावी किया गया है।

जिलाधिकारी के आदेश की प्रतिलिपि मुख्य विकास अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक, कन्नौज को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजी गई है। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, कन्नौज को निर्देशित किया गया है कि वह जांच में सहयोग प्रदान करते हुए समिति की मांग के अनुसार वांछित समस्त अभिलेख उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

मामले की पृष्ठभूमि में पूर्व सांसद सुब्रत पाठक की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की गई शिकायत है। 15 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार के कार्यकाल के संबंध में यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन, जनपद कन्नौज द्वारा संज्ञान में लाई गई शिकायतों का उल्लेख किया था।

शिकायत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पर कथित रूप से सिंडिकेट के माध्यम से शिक्षकों के उत्पीड़न, अवैध वसूली, प्रशासनिक अनियमितताओं एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे। पत्र में कहा गया था कि इस संबंध में लगातार ऐसी शिकायतें एवं सूचनाएं संज्ञान में आ रही हैं, जिनसे विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता, भ्रष्टाचार एवं शासन की मंशा पर गंभीर प्रश्नचिह्न उत्पन्न हो रहे हैं।

सुब्रत पाठक ने मुख्यमंत्री से संलग्न प्रार्थना पत्र का अवलोकन कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का स्थानांतरण करने और स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच कराने का अनुरोध किया था। शिकायत के बाद विशेष सचिव के निर्देश पर अब जिलाधिकारी ने तीन अधिकारियों की समिति गठित कर प्रारंभिक जांच की प्रक्रिया शुरू करा दी है। सात दिन में मांगी गई संयुक्त जांच आख्या के बाद शिकायत में लगाए गए आरोपों से संबंधित अभिलेखीय तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Tags: