तस्वीर में घर के बाहर भाकियू नेता देवेंद्र बाना से बात करते पुलिसकर्मी।   

हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में दिल्ली में होने वाले किसान आंदोलन यानी दिल्ली प्रोटेस्ट से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) लोकहित के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बाना को पुलिस ने उनके घर पर नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया है। देवेंद्र बाना के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है, ताकि वे दिल्ली कूच न कर सकें।

मिली जानकारी के मुताबिक, भाकियू लोकहित के कार्यकर्ता और पदाधिकारी दिल्ली में आयोजित होने वाले एक बड़े प्रदर्शन में शामिल होने के लिए हापुड़ से रवाना होने की तैयारी में थे। इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन और पुलिस को मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं को दिल्ली की ओर जाने से रोक दिया। इसी कार्रवाई के तहत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बाना को उनके ही आवास पर रोककर नजरबंद कर दिया गया। उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

देवेंद्र बाना को हाउस अरेस्ट किए जाने की खबर सामने आने के बाद भाकियू लोकहित के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। मौके पर तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। देवेंद्र बाना के घर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

किसान नेताओं का कहना है कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन पुलिस बलपूर्वक उनकी आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। दिल्ली प्रोटेस्ट से पहले हापुड़ में हुई इस कार्रवाई के बाद किसान संगठन के कार्यकर्ताओं की गतिविधियों और पुलिस-प्रशासन की निगरानी पर स्थिति केंद्रित हो गई है।

Tags: