तस्वीर में कलेक्ट्रेट में गांधी और शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण करती महिला अधिकारी।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। जनपद हापुड़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को गरिमा और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट परिसर से लेकर नगर पालिका परिषद और सरकारी विभागों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने दोनों महान विभूतियों के सिद्धांतों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया। गांधी जयंती के अवसर पर जिलेभर में स्वच्छता ही सेवा-श्रमदान अभियान भी चलाया गया।

कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभागार में प्रातः 8:30 बजे जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना, अपर जिलाधिकारी सहित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रपिता के प्रिय भजन "वैष्णव जन तो तेने कहिए..." का सामूहिक और भावपूर्ण गायन किया। जिलाधिकारी ने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना की तथा विद्यालय की अध्यापिकाओं और छात्राओं को पुरस्कार एवं मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।


अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना ने कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का मार्ग दिखाया है। उनका जीवन सभी के लिए महान प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि आज के दिन गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने और 'स्वच्छता ही सेवा है' की भावना को आत्मसात करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन गांधी जी के सपनों को साकार करने वाला माध्यम है।

जिलाधिकारी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी याद किया और उनके ऐतिहासिक नारे "जय जवान, जय किसान" को आज के परिप्रेक्ष्य में अत्यंत प्रासंगिक बताया।

इसी क्रम में नगर पालिका परिषद हापुड़ के सभागार में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी (EO) ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी सफाई कर्मियों को पूरी निष्ठा के साथ स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के बाद सभागार में केंद्र व राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। अधिकारियों और नागरिकों ने प्रदर्शनी का उत्सुकता के साथ अवलोकन किया।

गांधी जयंती के अवसर पर पूरे जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं नगर पालिकाओं में "स्वच्छता ही सेवा-श्रमदान" कार्यक्रम का वृहद आयोजन किया गया। अधिकारियों से लेकर आम जनता तक ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने आसपास के परिवेश को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया। इस तरह जिले में गांधी और शास्त्री जयंती के कार्यक्रमों के साथ स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया।

Tags: