महाराजपुर में आधी रात सात नकाबपोश बदमाशों का धावा, महिला को पीटा और मासूम को दीवार से पटका
एटा के महाराजपुर गांव में सात नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर महिला-बच्चों को धमकाया और लूटपाट की, पुलिस जांच में जुटी है।
तस्वीर में एटा के महाराजपुर गांव की एक छत पर पुलिस अधिकारी और जवान घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जसरथपुर (एटा)। थाना जसरथपुर क्षेत्र के महाराजपुर गांव में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 12 से एक बजे के बीच सात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिला और बच्चों को बंधक बनाकर लूटपाट की। बदमाशों ने विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की और शोर मचाने पर बच्चों की कनपटी पर तमंचा रखकर धमकाया। आरोप है कि एक साल की मासूम बच्ची की गर्दन पकड़कर उसे दीवार से पटक दिया गया। बदमाश घर से सोने के जेवरात और 20 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना में घायल शिवानी पत्नी सोनू दुबे, निवासी महाराजपुर, ने बताया कि उनके पति दिल्ली में नौकरी करते हैं। शुक्रवार-शनिवार की रात वह अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। घर के जीने पर गेट नहीं होने का फायदा उठाकर बदमाश छत के रास्ते जीने से नीचे उतरकर घर में दाखिल हुए।
पीड़िता के मुताबिक कुल सात बदमाश थे और सभी ने चेहरे पर नकाब लगा रखा था। तीन बदमाशों ने उन्हें पकड़ रखा था, दो बदमाश कमरे से सामान निकाल रहे थे, जबकि एक बदमाश जीने और दूसरा मुख्य गेट पर निगरानी कर रहा था।
शिवानी ने बताया कि बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब उन्होंने शोर मचाया तो बदमाशों ने उनके बच्चे की कनपटी पर तमंचा रख दिया। इसके बाद एक साल की मासूम बेटी की गर्दन पकड़कर उसे दीवार से पटक दिया।
मासूम बच्ची के साथ मारपीट होते देख शिवानी ने हिम्मत जुटाई और एक बदमाश को लात मार दी। इसके बाद बदमाश मौके से भाग निकले। पीड़िता के मुताबिक सभी बदमाश नकाबपोश थे।
पीड़िता के अनुसार बदमाश घर से सोने की चेन, कान के झाले, मंगलसूत्र, अंगूठी, कान की बाली और 20 हजार रुपये की नकदी लूटकर ले गए। वारदात के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
वारदात में घायल शिवानी को जसरथपुर पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने घायल महिला का उपचार किया। उपचार के दौरान महिला ने मीडिया से बातचीत में पूरी घटना की जानकारी साझा की और बताया कि किस तरह बदमाशों ने घर में घुसकर उसके और बच्चों के साथ मारपीट की तथा तमंचे के बल पर परिवार को डराकर लूटपाट की।
घटना की जानकारी मिलते ही एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलमारन जी, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय, अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह और जसरथपुर थाना प्रभारी सुबोध कुमार उपाध्याय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मौके से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस बदमाशों के आने-जाने के रास्तों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
आधी रात घर में घुसकर महिला और बच्चों को तमंचे के बल पर धमकाने तथा लूटपाट की घटना से महाराजपुर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में बदमाशों को लेकर भय बना हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।