तस्वीर में कमरे के अंदर कुछ लोग एक युवक पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश) :- हापुड़ जिले में एक युवक को घर के अंदर बंद कर बेल्ट से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर चौपला का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक को एक कमरे के अंदर बंद किया गया है। इस दौरान कुछ आरोपी उस पर बेल्ट से लगातार हमला कर रहे हैं। युवक दर्द से कराहते हुए हमलावरों से रहम की गुहार लगाता और उसे छोड़ देने की भीख मांगता नजर आ रहा है, लेकिन आरोपी उसे लगातार पीटते रहे।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है।

पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की जांच पर नजर बनी हुई है।

Tags: