तस्वीर में बृजघाट पुलिस चौकी परिसर में खड़े पति-पत्नी और उनके परिजन दिख रहे हैं।   

हापुड़ के तीर्थनगरी बृजघाट में मंगलवार को छोले-भटूरे की दूसरी प्लेट को लेकर पति-पत्नी के बीच जमकर हंगामा हो गया। पत्नी का आरोप है कि उसका पति अजय किसी दूसरी महिला के साथ गेस्ट हाउस में रुका हुआ था और उसके लिए छोले-भटूरे पैक कराकर ले जा रहा था। पत्नी ने पति को गेस्ट हाउस के बाहर बाजार में पकड़ लिया, जिसके बाद पति-पत्नी और परिजनों के बीच बीच सड़क लात-घूंसे और कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पूरा मामला हापुड़ के प्रसिद्ध बृजघाट गंगा घाट बाजार का है। बताया जा रहा है कि अजय की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी और उसके दो बेटे भी हैं। पत्नी का आरोप है कि उसका पति अक्सर काम का बहाना बनाकर घर से निकलता था और किसी दूसरी महिला से चोरी-छिपे मिलता था। इसे लेकर परिवार में पहले से ही विवाद चल रहा था।

मंगलवार को पत्नी को खुफिया जानकारी मिली कि अजय अपनी कथित प्रेमिका के साथ बृजघाट के एक गेस्ट हाउस में रुका हुआ है। सूचना मिलते ही पत्नी अपने मायके वालों और परिजनों के साथ सीधे मौके पर पहुंच गई। गेस्ट हाउस के आसपास छानबीन के दौरान परिजनों को अजय बाजार में एक दुकान पर छोले-भटूरे पैक कराते हुए दिखाई दिया।

पत्नी की नजर जैसे ही अजय के हाथ में मौजूद दो प्लेट छोले-भटूरे के पैकेट पर पड़ी, उसने उसे वहीं घेर लिया और सवाल-जवाब शुरू कर दिए। पत्नी के मुताबिक, अगर अजय अकेले बृजघाट आया था तो दूसरी प्लेट किसके लिए थी। देखते ही देखते मामला गरमा गया और सड़क किनारे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पति-पत्नी और उनके परिजनों के बीच जमकर कहासुनी और मारपीट होने लगी।

वहीं, घबराए अजय ने पत्नी के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उसका कहना था कि वह घरेलू तनाव के कारण अकेला गंगा स्नान करने बृजघाट आया था और किसी महिला के साथ नहीं है। इस पर पत्नी ने सवाल किया कि अगर वह अकेला आया था तो दूसरी प्लेट किसके लिए है। पत्नी के इस सवाल का अजय कोई जवाब नहीं दे पाया।

मामला बढ़ने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। हंगामे की जानकारी मिलने पर बृजघाट चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और पति-पत्नी को चौकी लेकर आई। वहां काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद पति-पत्नी के बीच आपसी सुलह हो गई और दोनों अपने घर वापस लौट गए। घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी इस पूरे मामले की चर्चा हो रही है।

Tags: