तस्वीर में बाएं से दाएं, एक व्यक्ति, 'रेडियो मैन' राम सिंह बौद्ध और अभिनेता अनिल कपूर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सर्टिफिकेट और रेडियो के साथ नजर आ रहे हैं.   

अमरोहा के चर्चित ‘रेडियो मैन ऑफ इंडिया’ राम सिंह बौद्ध को स्टार प्लस और हॉटस्टार पर प्रसारित हो रहे गेम शो ‘इंडियाज टॉप 1%’ में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम की शूटिंग 30 सितंबर को मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित स्टूडियो में हुई। शो की मेजबानी अभिनेता अनिल कपूर कर रहे हैं।

राम सिंह बौद्ध के मुताबिक, पिछले सप्ताह शो की टीम ने उनसे संपर्क कर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विशेष निमंत्रण दिया था। आयोजकों की ओर से उनके तीन दिवसीय मुंबई प्रवास के दौरान आने-जाने और ठहरने की व्यवस्था की गई। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम की शूटिंग में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की शूटिंग के बाद राम सिंह बौद्ध ने अभिनेता अनिल कपूर से विशेष मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अनिल कपूर को अपना रेडियो भेंट किया और उन्हें अमरोहा स्थित रेडियो म्यूजियम देखने आने का आग्रह किया।

राम सिंह बौद्ध के मुताबिक, अनिल कपूर ने उनके कार्य की सराहना की और उनके गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाणपत्र के साथ फोटो भी साझा किया। रेडियो प्राप्त करने के बाद अनिल कपूर ने आभार जताते हुए पुराने रेडियो से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं।

अनिल कपूर ने कहा कि उन्हें रेडियो की जरूरत थी, क्योंकि वह एक बार फिर पुरानी यादों में खो जाना चाहते हैं। ‘इंडियाज टॉप 1%’ में विशेष आमंत्रण और अनिल कपूर से मुलाकात राम सिंह बौद्ध के लिए खास उपलब्धि रही, जिससे अमरोहा से जुड़े उनके रेडियो कार्य को एक और पहचान मिली।