तस्वीर में हाईवे पर क्षतिग्रस्त कार के पास खड़े लोग और ट्रैफिक दिखाई दे रहा है।

हापुड़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे (NH-9) पर रेत से भरे तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने एक गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद करीब 8 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। भीषण हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया।

चश्मदीदों के मुताबिक, हाईवे पर वाहन सामान्य गति से चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ओवरलोडेड रेत से भरे डंपर के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। डंपर की रफ्तार इतनी तेज थी कि आगे चल रही गाड़ियों को संभलने का मौका नहीं मिला। डंपर ने आगे चल रही वैगनआर, ऑल्टो और फोर्ड फिगो समेत करीब 8 कारों को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई गाड़ियां आपस में टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। हाईवे से गुजर रहे अन्य राहगीरों ने तत्काल अपनी गाड़ियां रोकीं और क्षतिग्रस्त कारों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया।

हादसे के बाद दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नगर कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे के बीच से हटवाकर किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू करने का प्रयास किया गया।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हादसा डंपर के ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ या चालक की लापरवाही के कारण, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। रेत से भरे बेकाबू डंपर की टक्कर के बाद एक के बाद एक करीब 8 वाहनों के टकराने से NH-9 पर काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही।

Tags: