हापुड़ में महिला से आभूषण ठगी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों के साथ पुलिसकर्मी।   

हापुड़ पुलिस ने महिला से सोने-चांदी के आभूषण ठगने के मामले में अंतरजनपदीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना हापुड़ नगर पुलिस और जनपदीय स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ठगी के आभूषण, दो अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी महिलाओं को निशाना बनाकर धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

यह मामला हापुड़ नगर के मोहल्ला रफीकनगर का है, जहां एक महिला को आरोपियों ने अपनी बातों में उलझाकर उसके सोने-चांदी के कीमती आभूषण ठग लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर थाना हापुड़ नगर में मु०अ०सं० 540/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस (BNS) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना हापुड़ नगर पुलिस और जनपदीय स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिरों और तकनीकी इनपुट की मदद से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने शिवगढ़ी गेट के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहर्रम अली पुत्र मौ० सलीम निवासी फकीर वाली गली, बड़ी करवला, थाना कोतवाली, जनपद उन्नाव और रिसाद अली पुत्र बच्चन अली निवासी मौ० बहराना, थाना कोतवाली, जनपद रायबरेली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी बाहरी जनपदों के रहने वाले हैं और घूम-घूमकर महिलाओं को निशाना बनाते थे।

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों में से रिसाद अली का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ जनपद फतेहपुर के थाना कोतवाली में धोखाधड़ी और चोरी का माल ठिकाने लगाने से संबंधित मामला पहले से दर्ज है। इस मामले में मु०अ०सं० 955/2022 के तहत धारा 419, 420, 411, 413, 414 भादवि में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की जामा तलाशी और उनकी निशानदेही पर चेकिंग के दौरान ठगी के आभूषण बरामद किए। बरामदगी में पीली धातु के एक सोने की चेन और दो जोड़ी नाक की रिंग शामिल हैं। इसके अलावा सफेद धातु के दो जोड़ी बिछुए, एक जोड़ी पायल और दो अंगूठियां भी बरामद की गई हैं।

आरोपियों के कब्जे से पुलिस से बचने और भय पैदा करने के लिए रखे गए दो अवैध चाकू भी मिले हैं। वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट वाली होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।

इस कार्रवाई को थाना हापुड़ नगर के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार, उपनिरीक्षक रमेश चन्द गौतम, उपनिरीक्षक नागसैन आनन्द, उपनिरीक्षक गौरव कुमार, हेड कांस्टेबल 689 अमित कुमार, रिजर्व कांस्टेबल 485 मनीष कुमार और कांस्टेबल 439 नौनिहाल सिंह ने अंजाम दिया। जनपदीय स्वाट टीम की ओर से प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक नसीम खान, उपनिरीक्षक जितिन शर्मा और उनकी पूरी टीम भी कार्रवाई में शामिल रही।

हापुड़ नगर पुलिस के अनुसार, दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित साथियों और उसके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। महिला से आभूषण ठगी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस की जांच अब गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने पर केंद्रित है।

Tags: