हापुड़ के एसएसवी पीजी कॉलेज के छात्र के अपहरण और मारपीट के मामले में कार्रवाई करती कोतवाली हापुड़ नगर पुलिस।   

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज के मुख्य गेट से बीएससी तृतीय वर्ष के एक छात्र का सरेआम अपहरण कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार युवक छात्र को जबरन अपने साथ ले गए और सुनसान स्थान पर तमंचे की बट और लोहे के कड़ों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। हमलावरों ने छात्र से जबरन माफी मंगवाकर उसका वीडियो भी बनाया। इसके बाद उसे गंभीर रूप से घायल हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने नामजद आरोपी और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, ईदगाह रोड स्थित शिवदयालपुरा निवासी जावेद खान ने बताया कि उनका छोटा भाई कैफ खान एसएसवी पीजी कॉलेज में बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र है। घटना 28 अक्टूबर (बुधवार) दोपहर करीब सवा दो बजे की है। उस समय कैफ कॉलेज परिसर में मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान पिलखुवा निवासी ऋषभ ने जबरन उसकी फोटो खींचनी शुरू कर दी। कैफ ने इसका विरोध किया, तो ऋषभ ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मजाक उड़ाया।

विवाद बढ़ने पर ऋषभ ने फोन करके अपने चार-पांच साथियों को होंडा सिटी कार से कॉलेज के मुख्य गेट पर बुला लिया। वहां पहुंचे कार सवार युवकों ने कैफ को जबरन पकड़ लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके मुंह पर कपड़ा बांधकर मारपीट की और उसे खींचकर कार के अंदर डाल लिया।

इस दौरान कॉलेज में कैफ के साथ पढ़ने वाले उसके दोस्त अमन मलिक और अयान ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण वे उसे छुड़ा नहीं सके। अयान ने तुरंत दोपहर ढाई बजे कैफ के भाई जावेद को फोन करके अपहरण की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही जावेद कॉलेज पहुंचे और कोतवाली पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कैफ के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया। मोबाइल की लोकेशन अनवरपुर-नयागांव रोड पर मिली। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो कैफ श्रीराम धर्मकांटा के पास सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला।

पीड़ित छात्र कैफ ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने तमंचे की बट और लोहे के कड़ों से उसकी बुरी तरह पिटाई की। मारपीट के दौरान उसकी जेब में रखे 1400 रुपये गिर गए। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी छीनकर तोड़ दिया।

कैफ के अनुसार, हमलावरों ने उससे जबरन यह कहलवाया कि वह लड़कियों से छेड़छाड़ करता है और इसके लिए माफी मांगता है। आरोपियों ने इस दौरान उसका वीडियो भी बनाया। जब उसकी हालत बिगड़ने लगी, तो हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने नामजद हमलावर ऋषभ और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल छात्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।

पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया जाएगा। कॉलेज के मुख्य गेट से छात्र के अपहरण और उसके बाद मारपीट की इस घटना ने पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की चुनौती खड़ी कर दी है।

Tags: