हापुड़ के बाबूगढ़ थाने के बाहर कार के बोनट पर तलवार से केक काटकर स्टंट करने के मामले में पकड़े गए आरोपी और जब्त वाहन।   

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में सार्वजनिक स्थान पर कार के बोनट पर तलवार से केक काटकर स्टंटबाजी करना 8 युवकों को भारी पड़ गया। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के रजाजी हवेली होटल पर हुई इस घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 नाबालिग लड़कों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार और टीवीएस रेडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

जनपद में अपराध की रोकथाम और सड़कों पर हुड़दंग व स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ हापुड़ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर न्यूसेंस क्रिएट करने वालों के खिलाफ अभियान के तहत बाबूगढ़ पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की।

क्या है पूरा मामला

थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत स्थित रजाजी हवेली होटल पर कुछ युवकों ने स्विफ्ट कार के बोनट पर केक रखकर सरेआम तलवार से काटा था। इस दौरान युवकों ने खतरनाक स्टंटबाजी भी की। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हुड़दंग मचाने और हथियारों का प्रदर्शन करने की सूचना मिलने पर बाबूगढ़ पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल युवकों को पकड़ लिया। इस कार्रवाई में 8 युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 2 नाबालिग लड़कों को भी हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी 8 आरोपी हापुड़ के रहने वाले हैं। इनमें संजय पुत्र कल्लूराम निवासी रघुवीरगंज, मेरठ रोड, थाना हापुड़ नगर; अमन पुत्र विजयपाल निवासी मेरठ रोड, थाना हापुड़ नगर; मोहित पुत्र मनोज निवासी मेरठ रोड, थाना हापुड़ नगर; आकाश पुत्र सुनील बेनिवाल निवासी कचहरी कम्पाउण्ड, थाना हापुड़ नगर; रितेश पुत्र विनोद कुमार निवासी फ्रीगंज रोड, थाना हापुड़ नगर; अर्पित पुत्र खलीफा निवासी मेरठ रोड, थाना हापुड़ नगर; अजीत पुत्र राजेन्द्र निवासी शक्ति नगर कॉलोनी, थाना हापुड़ नगर और सागर पुत्र महीपाल निवासी मेरठ रोड, थाना हापुड़ नगर शामिल हैं।

नाबालिगों को जेल भेजने के बजाय की गई काउंसिलिंग

घटना में शामिल 2 अन्य लड़के नाबालिग पाए गए हैं। पुलिस ने उनके भविष्य और पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए उन्हें जेल भेजने के बजाय उनके परिजनों को थाने पर बुलाया।

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों की मौजूदगी में दोनों नाबालिगों को सख्त हिदायत दी और उनकी काउंसिलिंग की। उन्हें भविष्य में इस तरह की गतिविधियों की पुनरावृत्ति नहीं करने के लिए समझाया गया।

घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद

बाबूगढ़ पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार और टीवीएस रेडर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद स्विफ्ट कार का रजिस्ट्रेशन नंबर UP 37 X 3122 और टीवीएस रेडर मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर UP 37 AA 7280 है।

पुलिस द्वारा सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हापुड़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह की स्टंटबाजी अथवा कानून व्यवस्था को हाथ में लेने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Tags: