हापुड़ में गेहूं की फसल पर दीमक का खतरा, कृषि विभाग की सलाह
| बीज शोधन, सड़ी गोबर खाद और जैव कीटनाशियों से जड़ व तना सूखने से बचाव संभव, रासायनिक दवाओं से बचने की अपील।
हापुड़ में गेहूं की फसल को दीमक से बचाने के लिए जैविक उपायों की सलाह देते अधिकारी गौरव प्रकाश।
हापुड़ जिले में गेहूं की बुवाई के बीच फसल पर दीमक के संभावित प्रकोप ने कृषि विभाग की चिंता बढ़ा दी है। किसानों की फसल को नुकसान से बचाने के लिए कृषि विभाग ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी गौरव प्रकाश ने किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए दीमक की पहचान, उसके प्रकोप के लक्षण और बचाव के जैविक उपायों की विस्तृत जानकारी दी है।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी के अनुसार, दीमक मिट्टी में रहने वाला सर्वभक्षी कीट है, जिसका हमला गेहूं की फसल पर बुवाई से लेकर कटाई तक किसी भी समय हो सकता है। यह कीट पौधों की जड़ों और बढ़ते हुए तनों को अंदर से खाकर नष्ट कर देता है। इसके प्रकोप से गेहूं के पौधे पूरी तरह सूख जाते हैं। ऐसे पौधों को खींचने पर वे आसानी से जमीन से उखड़ जाते हैं। खेत की मिट्टी खोदने पर दीमक के घर यानी टीले भी दिखाई देते हैं।
कृषि विभाग ने दीमक से बचाव के लिए किसानों को बुवाई के समय खेत में केवल पूरी तरह सड़ी और सूखी गोबर की खाद का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। कच्ची खाद के प्रयोग से दीमक को बढ़ावा मिलता है। इसके साथ ही खेत में समय-समय पर खरपतवार नियंत्रण करना भी जरूरी बताया गया है।
एडवाइजरी में बीज शोधन को भी महत्वपूर्ण उपाय बताया गया है। बुवाई से पहले बीजों को जैव कीटनाशी ब्यूवेरिया बैसियाना से उपचारित करने की सलाह दी गई है। इसके लिए प्रति किलोग्राम बीज में 8 से 10 ग्राम पाउडर मिलाना होगा। पाउडर को हल्के गुड़ घुले पानी के साथ मिलाकर बीजों पर इस तरह लगाना है कि वह आसानी से चिपक जाए। घोल में पानी की मात्रा इतनी ही रखनी चाहिए, जिससे पाउडर बीजों पर चिपक सके। उपचारित बीजों को 30 मिनट तक छाया में सुखाने के बाद ही बुवाई करनी चाहिए।
खेत की अंतिम जुताई के दौरान मिट्टी का उपचार करने की भी सलाह दी गई है। इसके तहत प्रति हेक्टेयर 2.5 किलो जैविक ब्यूवेरिया बैसियाना या 2.5 किलो मेटारिजियम एनिसोपली को 65 से 70 किलो पुरानी और भुरभुरी गोबर की खाद में अच्छी तरह मिलाकर मिट्टी में डालना चाहिए।
खेत के आसपास दीमक के टीले दिखाई देने पर उन्हें नष्ट करने के लिए ब्यूवेरिया बैसियाना का 5 से 10 ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से घोल तैयार कर टीलों में भरने की सलाह दी गई है। इससे दीमक को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
वहीं, खड़ी गेहूं की फसल में दीमक का प्रकोप दिखाई देने पर मेटारिजियम एनिसोपली जैव कीटनाशी का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इसके लिए 5 से 10 ग्राम जैव कीटनाशी को प्रति लीटर पानी में घोलकर खेत में जड़ों के पास ड्रेंचिंग करनी होगी। कृषि विभाग के अनुसार, यह उपाय दीमक के साथ-साथ मिट्टी में मौजूद सफेद लट्ट (ग्रब) के नियंत्रण में भी प्रभावी है।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी गौरव प्रकाश ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे गेहूं की फसल को दीमक से सुरक्षित रखने के लिए रासायनिक दवाओं के बजाय बताए गए जैविक उपायों को अपनाएं। समय रहते बीज और मिट्टी का उपचार करने तथा प्रकोप के लक्षणों की पहचान करने से फसल को नुकसान से बचाने और बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिल सकती है।