पिलखुवा के कॉलेज में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत छात्राओं व शिक्षकों को जागरूक किया गया।  

हापुड़ में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को पिलखुवा स्थित केशव मारवाड़ गर्ल्स डिग्री कॉलेज में 'बाल विवाह मुक्त भारत अभियान' के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों, इसके दुष्परिणामों, महिला अधिकारों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान उन दो साहसी बेटियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने स्वयं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर फोन कर अपना बाल विवाह रुकवाया और आगे की पढ़ाई जारी रखने का निर्णय लिया।

जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में 'हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन' की डीएमसी नेहा त्यागी ने छात्राओं को बाल विवाह के शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि विवाह के लिए लड़के की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित शिक्षकों और छात्राओं को बाल विवाह रोकने की शपथ भी दिलाई गई।

जेंडर स्पेशलिस्ट मुस्तकीम अहमद ने महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। इसके साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में बताते हुए 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा के उपयोग की जानकारी दी।

वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर रविता चौहान ने सेंटर की कार्यप्रणाली के बारे में बताया और बेटियों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "बेटा भाग्य से मिलता है, तो बेटी सौभाग्य से मिलती है।"

वहीं, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के केस वर्कर रॉबिन कुमार और ज्योति ने बाल श्रम, भिक्षावृत्ति और बाल विवाह जैसी समस्याओं को रोकने में हेल्पलाइन की भूमिका के बारे में छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर बच्चे और संबंधित लोग चाइल्ड हेल्पलाइन की मदद ले सकते हैं।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वे दो बेटियां रहीं, जिन्होंने सामाजिक दबाव के आगे झुकने के बजाय खुद चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर कॉल कर अपना बाल विवाह रुकवाया। दोनों ने इसके बाद अपनी पढ़ाई जारी रखने का साहसिक फैसला लिया। उनके इस कदम को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। इस आयोजन के माध्यम से बाल विवाह के खिलाफ कानूनी जागरूकता, बाल संरक्षण और बेटियों की शिक्षा को लेकर प्रशासन का संदेश छात्राओं तक पहुंचाया गया।

Tags: