हापुड़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत रेलवे पार्क से एस.एस.वी. डिग्री कॉलेज तक निकाली गई सेवा ज्योति कलश यात्रा में शामिल एनसीसी कैडेट्स और स्थानीय नागरिक.   

हापुड़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को जनपद में विभिन्न जनकल्याणकारी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले के सभी विकास खंडों में विशेष शिविर लगाए गए, वहीं युवाओं ने बाइक और साइकिल से भव्य ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकालकर अभियान में भागीदारी की।

युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग हापुड़ के समन्वय से ‘विकसित भारत का संकल्प’ के तहत ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ रैली आयोजित की गई। यात्रा रेलवे पार्क से शुरू होकर एस.एस.वी. डिग्री कॉलेज तक पहुंची। रैली में छात्राओं, एनसीसी (NCC) कैडेट्स और स्थानीय नागरिकों ने बाइक व साइकिल के माध्यम से बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इसी क्रम में विकास भवन के सभागार में महिला कल्याण, बाल विकास पुष्टाहार और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त समन्वय से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) सुश्री श्रुति शर्मा द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली और प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।

युवाओं को सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से राजकीय आईटीआई सिंभावली में भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विशेष सत्र आयोजित किया गया। यहां उपस्थित सभी छात्रों और स्टाफ को ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ दिलाई गई।

अभियान के तहत जनपद के प्रत्येक विकास खंड में जिला प्रोबेशन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत राज विभाग और विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा विशेष शिविर लगाए गए। इन शिविरों के माध्यम से आम जनता को सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं की सीधी जानकारी दी गई।

इसके साथ ही जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में बड़े स्तर पर निरंतर महा-स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 अक्टूबर 2026 तक निरंतर संचालित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य हर दिन अलग-अलग सेवा भावना के कार्यों के जरिए अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

Tags: