एसीएमओ डॉ. राम सिंह ने सीएचसी अलीगंज का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त
कोल्ड चेन, लेबर रूम और उपकेंद्र की जांच कर एसीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को बच्चों का समय पर टीकाकरण और ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में रजिस्टर और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जांच करते एसीएमओ।
अलीगंज। जनपद में चलाए जा रहे नियमित टीकाकरण अभियान के बीच स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं की जांच के लिए एसीएमओ डॉ. राम सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज का निरीक्षण किया। उन्होंने कोल्ड चेन, लेबर रूम और टीकाकरण से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसीएमओ डॉ. राम सिंह ने बताया कि नियमित टीकाकरण अभियान के तहत सीएचसी अलीगंज का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सबसे पहले कोल्ड चेन का निरीक्षण किया। यहां वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव से संबंधित व्यवस्थाएं सही पाई गईं।
इसके बाद एसीएमओ ने लेबर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद स्टाफ और मरीजों से बातचीत कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान लेबर रूम की व्यवस्थाएं भी ठीक मिलीं। एसीएमओ ने निर्देश दिए कि बच्चों के जन्म के बाद उन्हें समय से निर्धारित सभी वैक्सीन लगाई जाएं। टीकाकरण से संबंधित जानकारी ऑनलाइन पोर्टल और रजिस्टर दोनों पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। अस्पताल से डिस्चार्ज से पहले आवश्यक एंट्री पूर्ण कराने के लिए भी कहा गया।
इसके बाद एसीएमओ डॉ. राम सिंह ने मोर्चा रोड स्थित उपकेंद्र पहुंचकर चल रहे नियमित टीकाकरण सत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर टीकाकरण की प्रक्रिया और उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखा। यहां रंजन पाल द्वारा बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान टीकाकरण से संबंधित सभी आवश्यक लॉजिस्टिक उपलब्ध मिले और व्यवस्थाएं सही पाई गईं।
एसीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। पात्र बच्चों का समय से टीकाकरण सुनिश्चित करने के साथ ही सभी विवरणों की ऑनलाइन और रजिस्टर में सही तरीके से एंट्री की जाए।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पर तैनात सर्जन डॉ जितेंद्र सिंह और डॉ शक्ति भी मौजूद रहे। निरीक्षण में सीएचसी से लेकर उपकेंद्र तक टीकाकरण से जुड़ी व्यवस्थाओं और रिकॉर्ड की स्थिति परखी गई।