तस्वीर में घर के अंदर खुली हुई अलमारी और बिखरा हुआ सामान नजर आ रहा है।

हापुड़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव जोगीपुरा में बंद मकान को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था और मकान पूरी तरह बंद था। इसी दौरान शातिर चोरों ने घर में प्रवेश कर कमरे में रखी सेफ (अलमारी) को खंगाला और उसमें रखी भारी मात्रा में नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।

घटना का पता उस समय चला जब परिजन वापस घर लौटे। घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और आला अधिकारी फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही चोरों तक पहुंचने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। बंद मकान में हुई इस चोरी के बाद गांव जोगीपुरा में वारदात को लेकर दहशत का माहौल है।

Tags: